विज्ञापन

CSK vs SRH: संजू ने दिलाई धोनी की याद, बिजली की रफ्तार से किया स्टंप, भड़क गए हेनरिक क्लासेन, मैदान पर हुई जबरदस्त नोकझोंक

Sanju Samson vs Heinrich Klaasen Heated Argument, CSK vs SRH: चेपॉक के मैदान पर आउट होने के बाद बीच पिच पर संजू सैमसन और हेनरिक क्लासन, दोनों खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस देखने को मिली, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

CSK vs SRH: संजू ने दिलाई धोनी की याद, बिजली की रफ्तार से किया स्टंप, भड़क गए हेनरिक क्लासेन, मैदान पर हुई जबरदस्त नोकझोंक
Sanju Samson vs Heinrich Klaasen Heated Argument, CSK vs SRH:

Sanju Samson vs Heinrich Klaasen Heated Argument, CSK vs SRH: चेपॉक स्टेडियम में सोमवार को खेले गए आईपीएल 2026 के 63वें रोमांचक मुकाबले में सिर्फ रनों की बरसात ही नहीं हुई, बल्कि मैदान पर खिलाड़ियों के बीच का हाई-वोल्टेज ड्रामा भी देखने को मिला. चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के विकेटकीपर संजू सैमसन और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के धाकड़ बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन के बीच मैदान पर तीखी नोकझोंक (बहस) हो गई. यह पूरा वाकया तब हुआ जब संजू सैमसन ने विकेट के पीछे बिजली जैसी फुर्ती दिखाते हुए क्लासेन को एक बेहद करीबी मामले में स्टंप आउट कर दिया. आउट होने के बाद क्लासन इस कदर झुंझला गए कि पवेलियन लौटते समय वह संजू से उलझ पड़े और दोनों के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई.

यह पूरा वाकया हैदराबाद की पारी के 14.3 ओवर में हुआ. सीएसके के गेंदबाज नूर अहमद ने ओवर द विकेट आकर एक शानदार गुगली डाली. क्रीज पर मौजूद हेनरिक क्लासेन ने लेग साइड की तरफ हटकर इनसाइड-आउट शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन जादुई स्पिन के आगे वह पूरी तरह चकमा खा गए और गेंद बल्ले को छकाती हुई सीधे विकेटकीपर संजू सैमसन के दस्तानों में समा गई. जब तक क्लासन कुछ समझ पाते, उनका पिछला पैर एक पल के लिए हवा में उठ गया.

विकेट के पीछे मुस्तैद संजू सैमसन ने बिना एक सेकंड गंवाए पलक झपकते ही बेल्स उड़ा दीं. संजू अपनी इस स्टंपिंग को लेकर इतने पक्के थे कि उन्होंने अंपायर के फैसले का इंतजार भी नहीं किया और तुरंत उछलकर जश्न मनाना शुरू कर दिया. बाद में जब थर्ड अंपायर ने रिप्ले देखा, तो साफ हो गया कि क्लासन का पैर क्रीज के बाहर हवा में ही था और उन्हें आउट करार दिया गया.

बस यही वो पल था जब मैदान का माहौल गरमा गया. अपनी शानदार पारी का ऐसा अंत देख क्लासन बुरी तरह भड़क गए. जब वह पवेलियन की तरफ लौट रहे थे, तो उन्होंने पीछे मुड़कर संजू सैमसन की ओर देखा. संजू भी कहां चुप रहने वाले थे. दोनों के बीच कुछ सेकंड तक ये तनाव चला हालांकि, इससे पहले कि मामला और आगे बढ़ता, दोनों खिलाड़ियों ने समझदारी दिखाई और विवाद वहीं शांत हो गया. आउट होने से पहले हेनरिक क्लासेन ने 26 गेंदों में 2 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 47 रनों की तूफानी पारी खेली थी.

क्लासेन के आउट होने के बाद मैच का रोमांच कम नहीं हुआ. उनकी जगह मोर्चा संभालने आए ईशान किशन ने चेन्नई के गेंदबाजों की रिमांड ली और 47 गेंदों में 3 छक्कों और 7 चौकों के साथ 70 रनों की मैच जिताऊ पारी खेल डाली. जब तक ईशान आउट हुए, तब तक हैदराबाद जीत के बिल्कुल करीब पहुंच चुकी थी. इसके बाद सलिल अरोड़ा (10 रन) और स्मरण रविचंद्रन (5 रन) ने नाबाद रहते हुए टीम को 5 विकेट से जीत दिला दी. इस जीत के साथ ही सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2026 के प्लेऑफ का टिकट भी पक्का कर लिया है, जबकि चेन्नई को अपने घरेलू मैदान पर हार का सामना करना पड़ा.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com