देश में कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो घरेलू क्रिकेट में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं. मगर उनके कठिन परिश्रम का फल उन्हें अबतक कुछ खास नहीं मिल पाया है. इन्हीं खिलाड़ियों में एक नाम तमिलनाडु के बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाद साई किशोर का भी है. वह फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 236 विकेट चटका चुके हैं. इसके बावजूद उन्हें भारतीय टीम में शिरकत करने का मौका अबतक नहीं मिला है. भारतीय टीम में एंट्री के लिए बेताब 29 वर्षीय गेंदबाज ने अब अपने आप में और निखार लाने के लिए इंग्लैंड की फ्लाइट पकड़ ली है. जहां वह काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन टू में ग्लूस्टरशर की तरफ से शिरकत कर रहे हैं. यहां उन्होंने डर्बीशर के खिलाफ कहर बरपाती गेंदबाजी करते हुए हर किसी को अपना दीवाना बना दिया है.
साई किशोर ने डर्बीशर के खिलाफ चटकाए सात विकेट
डर्बीशर के खिलाफ साई किशोर के शानदार प्रदर्शन का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मैच के दौरान दोनों पारियों में मिलाकर उन्होंने कुल सात सफलता प्राप्त की. पहली पारी में उन्होंने टीम के लिए उन्होंने कुल 23 ओवरों की गेंदबाजी की. इस बीच वह 2.56 की इकॉनमी से 59 रन खर्च करते हुए दो विकेट चटकाने में कामयाब रहे. वहीं दूसरी पारी में उन्होंने टीम के लिए कुल 18 ओवरों की गेंदबाजी की. इस बीच उन्होंने 1.11 की इकॉनमी से 20 रन खर्च करते हुए पांच विकेट चटकार सबको अपना दीवाना बना दिया.
ग्लूस्टरशर को 213 रनों से मिली जीत
साई किशोर की कहर बरपाती गेंदबाजी का परिणाम यह रहा कि टीम 213 रनों से बाजी मारने में कामयाब रही. मैच के दौरान टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में ग्लूस्टरशर की टीम 237 रन बनाने में कामयाब हुई थी. जिसके जवाब में डर्बीशर ने अपनी पहली पारी में 278 रनों का स्कोर खड़ा किया. मगर दूसरी पारी में ग्लूस्टरशर के बल्लेबाजों का जलवा रहा. टीम ने 100 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 359 रन ठोकते हुए पारी घोषित कर दी. जिसके बाद जीत के लिए मिले लक्ष्य का पीछा करते हुए डर्बीशर की टीम 38.4 ओवरों में 105 पर ऑल आउट हो गई. नतीजन ग्लूस्टरशर की टीम 213 रनों से जीत हासिल करने में कामयाब रही.
साई किशोर का फर्स्ट क्लास क्रिकेट करियर
साई किशोर ने खबर लिखे जाने तक फर्स्ट क्लास क्रिकेट में कुल 57 मैच खेले हैं. जहां वह 101 पारियों में 24.15 की औसत से 236 विकेट चटकाने में कामयाब हुए हैं. जिसमें उनके नाम 15 बार पांच और 12 बार चार विकेट चटकाने का कारनामा है. 70 रन खर्च कर सात विकेट उनका एक मैच की एक पारी में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है.
यह भी पढ़ें- 'जीतना है इंडिया के खिलाफ', फातिमा सना के सामने चिंघाड़ रहा था पाकिस्तानी फैन, फिर कप्तान ने क्या कहा? VIDEO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं