खेल जगत में 'क्रिकेट के भगवान' के रूप में मशहूर सचिन तेंदुलकर ने इंग्लिश बल्लेबाज जो रूट की जमकर सराहना की है. टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड भारतीय दिग्गज के ही नाम दर्ज है. उनके बाद दूसरे स्थान पर किसी और का नाम नहीं बल्कि रूट की ही आता है. मंगलवार को रेडिट पर आयोजित एक Ask Me Anything सत्र के दौरान तेंदुलकर से रूट के उनके रिकॉर्ड का पीछा करने को लेकर सवाल पूछा गया. जिसका उन्होंने काफी मजेदार तरीके से जवाब दिया.
सचिन ने रूट की सराहाना करते हुए कहा, 'मैंने हमेशा से ही उन्हें ऊंची रेटिंग दी है. उनके पहले टेस्ट मुकाबले से ही मुझे दिख गया था कि वह आने वाले भविष्य में बहुत बड़ा नाम बनने वाले हैं.'
बातचीत के दौरान ही सचिन ने भारत के अलावा भी अपने पसंदीदा खिलाड़ियों के बारे में बातचीत की. उन्होंने हैरी ब्रूक, जो रूट और स्टीव स्मिथ को अपना गैर-भारतीय पसंदीदा बल्लेबाज बताया.
वनडे क्रिकेट के बदलाव पर सचिन का सुझाव
वनडे क्रिकेट के बदलाव पर सचिन ने एक बार फिर से अपना विचार साझा किया है. उनका कहना है 50 ओवर के मैच को दो अलग-अलग 25-25 ओवर की पारियों में बांट दिया जाना चाहिए.
उन्होंने कहा, 'मेरा सुझाव बिल्कुल आसान है. 50 ओवरों के खेल को 25-25 ओवरों की दो पारियों में बांट दिया जाना चाहिए. मगर पूरी 50 ओवर की बल्लेबाजी के लिए 10 विकेट और पूरे मैच में सिर्फ एक गेंद का ही उपयोग होना चाहिए.'
सचिन ने कहा, 'इससे बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बीच मुकाबला जीवंत बना रहेगा. दोनों टीमों को ओस की परिस्थितियों में बल्लेबाजी और गेंदबाजी करने का समान अवसर हासिल होगा. जिससे खेल संतुलित होगा.'
यह भी पढ़ें- सौरव गांगुली का नहीं तो किसका आईडिया था सहवाग को ओपनर बनाने का? वीरू ने खुद शोएब अख्तर को बताया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं