शेयर मार्केट लगातार पांचवें सेशन में बुधवार को हरे निशान पर बंद हुआ. सेंसेक्स 383.55 पॉइंट की बढ़त के साथ 77,301.40 और निफ्टी 149.75 पॉइंट की बढ़त के साथ 23,960.60 पर बंद हुआ.
कच्चे तेल में गिरावट के कारण भारतीय शेयर बाजार में ये तेजी देखने को मिली. हालांकि, इस तेजी का एक और कारण विदेशी निवेशक भी हैं. विदेशी निवेशकों (FII) ने लगातार चौथे दिन भारतीय शेयर बाजार में जमकर खरीदारी की और 7,284.04 करोड़ रुपये के शेयर खरीद डाले.
यह दिखाता है कि भारतीय शेयर मार्केट में विदेशी निवेशकों का भरोसा फिर से लौट आया है.
शेयर मार्केट में विदेशी निवेशक
एक्सचेंज डेटा के मुताबिक, बुधवार को FII ने 21,607.38 करोड़ के शेयर खरीदे और 14,323.35 करोड़ के शेयर बेचे. इस तरह से FII की नेट खरीदारी 7,284.03 करोड़ रही.
एक दिन पहले मंगलवार को भी FII ने 6,836.81 करोड़ की नेट खरीदारी की थी.
बुधवार को FII ने जो खरीदारी की, वह आंकड़ा अक्टूबर 2025 के बाद सबसे ज्यादा है. इसका मतलब हुआ कि एक साल बाद विदेशी निवेशकों ने शेयर मार्केट में इतना पैसा लगाया है.
यह भी पढ़ें | कार-बाइक मोटर इंश्योरेंस अब 4 हिस्सों में बंटेगा, 15 दिसंबर से लागू होंगे नए नियम, विस्तार से समझ लीजिए
नवंबर में ही 17,000 करोड़ से ज्यादा लगाए
विदेशी निवेशक (FII) लगातार भारतीय शेयर बाजार में पैसा लगा रहे हैं. पिछले 7 में से 6 सेशन में FII ने भारतीय बाजार में खरीदारी की है.
नवंबर के पहले ही हफ्ते में FII ने 17 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की खरीदारी कर ली है.
जबकि, इससे पहले सितंबर और अक्टूबर में FII ने 90 हजार करोड़ से ज्यादा के शेयर बेच डाले थे.
FII की वापसी क्यों हुई?
FII की लंबे समय बाद भारतीय शेयर मार्केट में फिर भरोसा जताया है. विदेशी निवेशकों की भारतीय बाजार में वापसी के तीन बड़े कारण हैं:-
- पहला: विदेशी निवेशक पहले ताइवान और कोरिया जैसे मार्केट में पैसा लगा रहे थे. लेकिन अक्टूबर में वहां से लगभग 45 अरब डॉलर की बिकवाली हुई है. विदेशी निवेशक उन बाजारों से पैसा निकालकर भारतीय बाजार में लगा रहे हैं.
- दूसरा: भारतीय कंपनियों ने 2026-27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में बेहद मजबूत फाइनेंशियल रिजल्ट पेश किए हैं. इससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है.
- तीसरा: अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में गिरावट आई है और कच्चे तेल की कीमतें 19 सेशंस के निचले स्तर पर आ गई हैं, जिससे भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है.
शेयर मार्केट में तेजी जारी
शेयर बाजार में दिवाली का जश्न जारी है. विदेशी निवेशक और कच्चे तेल की गिरती कीमतों से शेयर मार्केट में बढ़त हो रही है.
बुधवार को सेंसेक्स 77,301.40 पर बंद हुआ. यह दो महीने बाद सबसे ऊंचा स्तर है. कारोबार के दौरान एक समय यह 478.19 पॉइंट की तेजी के साथ 77,396.04 पर पहुंच गया था.
पिछले पांच कारोबारी सेशन में सेंसेक्स 4,055.37 पॉइंट यानी 5.53% चढ़ा है, जबकि निफ्टी में 1,261.75 पॉइंट यानी 5.55% की बढ़त दर्ज की गई है.
कच्चे तेल की कीमत में लगातार गिरावट हो रही है. बुधवार को बेंट क्रूड का भाव 0.73% टूटकर 102.8 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं