दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का निर्णायक मुकाबला 27 अक्टूबर से केपटाउन में खेला जा रहा है. जहां रोमांचक मुकाबले के चार दिन समाप्त हो गए हैं. बस आखिरी दिन का खेल शेष रह गया है. ऑस्ट्रेलिया को दूसरी पारी में जीत के लिए 288 रनों का लक्ष्य मिला है. आखिरी दिन अगर वह यह रन बना लेते हैं तो उनकी झोली में जीत का परचम लहराएगा. वहीं पांचवें दिन अफ्रीकी गेंदबाज ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को ऑलआउट करने में कामयाब हो जाते हैं तो उन्हें विजयश्री मिलेगी.
रयान रिकेल्टन और वियान मुल्डर ने कराई अफ्रीकी टीम की वापसी
दूसरी पारी में अफ्रीकी टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं हुई थी. टीम ने शुरुआती पांच विकेट 181 रनों पर ही गंवा दिए थे. मगर उसके रयान रिकेल्टन और वियान मुल्डर ने जिस तरीके से पारी को आगे बढ़ाया. वह काबिले तारीफ था. दोनों बल्लेबाजों ने छठवें विकेट के लिए 154 रनों की साझेदारी की और पिछली पारी में पिछड़े के बावजूद दूसरी में ऑस्ट्रेलिया के सामने 288 रनों की चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखने में अहम भूमिका निभाई.
रिकेल्टन और मुल्डर ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
मुकाबले के दौरान दोनों बल्लेबाजों ने एक विशेष उपलब्धि भी हासिल की. वह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरी पारी में नंबर छह और नंबर सात या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए शतक बनाने वाले दुनिया के पहले जोड़ीदार बन गए हैं.
दूसरी टीमों के खिलाफ अन्य बल्लेबाजों ने भी किया है कमाल
टेस्ट क्रिकेट में विपक्षी टीम के खिलाफ दूसरी पारी में नंबर छह और नंबर सात पर बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाने का यह केवल चौथा मौका है. इससे पहले आखिरी बार यह उपलब्धि 1989 में ऑस्ट्रेलिया के डीन जोन्स और स्टीव वॉ ने होबार्ट में श्रीलंका के खिलाफ हासिल की थी.
विशेष रिकॉर्ड की शुरुआत 1937 में हुई थी. उस दौरान ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज जैक फिंगलटन और डॉन ब्रैडमैन ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर इंग्लैंड के खिलाफ दूसरी पारी में शतक जड़े थे.
रिकेल्टन ने 101 और मुल्डर ने 115 रनों का योगदान दिया
मैच के दौरान रिकेल्टन छठवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए 219 गेंद में 46.11 की स्ट्राइक रेट से 101 और मुल्डर सातवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए 221 गेंदों में 52.03 की स्ट्राइक रेट से 115 रन बनाने में कामयाब रहे.
बचपन के दोस्त हैं रिकेल्टन और मुल्डर
आपको जानकर ताज्जुब होगा कि रिकेल्टन और मुल्डर बचपन के दोस्त हैं. दोनों बल्लेबाजों ने जोहान्सबर्ग स्थित सेंट स्टिथियंस कॉलेज से एक साथ पढ़ाई की है और अब एक साथ दक्षिण अफ्रीका की तरफ से मैदान में शिरकत कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें- 'बुरेवाला एक्सप्रेस' की ऑलटाइम प्लेइंग XI, इमरान कप्तान, ब्रैडमैन-हेडन ओपनर, लारा, सचिन और रिचर्ड्स भी शामिल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं