इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के शुरुआती मैचों में जो कुछ अच्छे प्रदर्शन देखने को मिले हैं, उनमें से एक असाधारण प्रदर्शन मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) की बॉलिंग भी है. लेकिन उनके प्रदर्शन की इतनी चर्चा नही है, जितनी वैभव की बैटिंग की! यह समझा जा सकता है, लेकिन जितनी चर्चा का हक बनता था, उतनी भी नहीं ही रही. यही वजह है कि पूर्व ओपनर आकाश चोपड़ा अब यह कहने से नहीं चूके हैं कि शमी को अब तक के उनके प्रदर्शन के लिए पूरा श्रेय दिया जाना चाहिए. भले ही इस नज़रअंदाज़ किए गए भारतीय तेज़ गेंदबाज़ ने अब तक दो मैचों में तीन विकेट लिए हैं, लेकिन चोपड़ा का कहना है कि सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 2/9 का मैच जिताऊ स्पेल इस सीज़न के सर्वश्रेष्ठ स्पेल्स में से एक है. क्रिकेटर से कमेंटेटर बने चोपड़ा को लगता है कि IPL 2026 में शमी को अब तक उनके प्रदर्शन के मुताबिक वो सराहना नहीं मिली है जिसके वो हकदार हैं.
आकाश ने अपने यू-ट्यूब चैनल पर कहा, “क्या हम मोहम्मद शमी को पर्याप्त श्रेय दे रहे हैं, और आखिर हम उन्हें कब श्रेय देंगे? यह एक बड़ा सवाल है. हम उन्हें क्यों नहीं सेलिब्रेट कर रहे? मैं वही इंसान हूं जो कह रहा था कि चयनकर्ताओं को फैसला लेना होता है और अगर वे उन्हें नहीं चुन रहे हैं, तो उन्होंने उनकी फिटनेस या अन्य चीज़ें देखी होंगी.' सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए चोपड़ा ने दोपहर के मैच में शमी के किफायती स्पेल की जमकर तारीफ की.
उन्होंने कहा, 'मैंने यह भी कहा था कि अगर वह IPL में ऐसा करते हैं, तो सभी को रुककर इस पर ध्यान देना चाहिए. फिर आप यह नहीं कह सकते कि सामने वाली टीम का स्तर अच्छा नहीं था. यह दुनिया की सबसे प्रतिस्पर्धी लीग है. ऐसे में दोपहर के मैच में उन्होंने चार ओवर में सिर्फ नौ रन देकर दो विकेट लिए, जिसमें 18 डॉट बॉल्स शामिल थीं.' शमी की इस मास्टरक्लास में शानदार 18 डॉट बॉल्स के साथ-साथ हैदराबाद की विस्फोटक ओपनिंग जोड़ी ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा के अहम विकेट शामिल थे. चोपड़ा ने दोपहर की गर्मी में तेज़ गेंदबाज़ों को किसी भी तरह की मदद न मिलने की बात कही और ऐसे में शमी के 2/9 के आंकड़ों को और भी काबिले तारीफ बताया.
पूर्व ओपनर ने कहा, 'उन्होंने ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा को आउट किया. आपको इसका जश्न मनाना चाहिए क्योंकि यह IPL में कभी‑कभार देखने को मिलने वाला विश्लेषण है. आपको ऐसा विश्लेषण फिर कहां देखने को मिलेगा? मुझे पता है कि पहले मैच में जैकब डफी ने भी बहुत अच्छी गेंदबाज़ी की थी, लेकिन यह दोपहर का मैच था. दोपहर के मैच में तेज़ गेंदबाज़ों को बिल्कुल भी मदद नहीं मिलती, और उन्हें भी कोई मदद नहीं मिली.'
यह भी पढ़ें: IPL 2026, SRH vs LSG: मोहम्मद शमी ने बरपाया कहर, अभिषेक-ट्रेविस का किया शिकार, संजीव गोयनका का रिएक्शन वायरल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं