विज्ञापन

IPL 2026: 'कभी इतना नहीं डरा था...' वैभव सूर्यवंशी को आउट करने के बाद काइल जैमीसन ने तोड़ी चुप्पी

Kyle Jamieson Big Statement on Vaibhav Sooryavanshi: कीवी तेज गेंदबाज काइल जैमीसन ने माना कि IPL 2026 में दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच होने वाले मैच में उन्हें 15 साल के वैभव सूर्यवंशी का सामना करने में डर लग रहा था.

IPL 2026: 'कभी इतना नहीं डरा था...' वैभव सूर्यवंशी को आउट करने के बाद काइल जैमीसन ने तोड़ी चुप्पी
Kyle Jamieson Big Statement on Vaibhav Sooryavanshi

Kyle Jamieson Big Statement on Vaibhav Sooryavanshi: लगातार तीन हार के बाद दिल्ली कैपिटल्स की नजरें आईपीएल 2026 के 43वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ उसके होम ग्राउंड पर जीत दर्ज करने की चुनौती थी. प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए दिल्ली को हर हाल में जीत चाहिए थी और इसमें सबसे बड़ा खतरा वैभव सूर्यवंशी थे. हालांकि, न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन ने इस युवा सनसनी को आउट कर दिल्ली को राहत दी. वैभव को आउट करने के बाद काइल को उनके आक्रमक सैलिब्रेशन के लिए फैंस का गुस्सा तो झेलना ही पड़ा, साथ ही उन्हें बीसीसीआई से सजा भी मिली है. वहीं मैच के बाद, जैमीसन ने सूर्यवंशी के साथ अपने मुकाबले के बारे में खुलकर बात करते हुए कहा कि वह कभी भी किसी 15 साल के बच्चे से इतना नहीं डरे, जितना वह राजस्थान रॉयल्स के इस टीनएजर से डरे थे.

मैच के दूसरे ओवर में पांचवीं गेंद पर जैमीसन के एक शानदार यॉर्कर पर वैभव सूर्यवंशी चूक गए और बोल्ड हुए. इससे पहले वाली गेंद पर उन्होंने काइल को चौका जड़ा था. वैभव के आउट होने से दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों ने थोड़ी देर के लिए राहत की सांस जरूर ली. हालांकि रियान पराग, ध्रुव जुरेल और डोनोवन फरेरा जैसे खिलाड़ियों ने वापसी करते हुए राजस्थान को 225 रनों तक पहुंचाया.

IPL वेबसाइट पर शेयर किए गए एक वीडियो में वैभव सूर्यवंशी को लेकर जैमीसन ने कहा,"मुझे नहीं लगता कि मैं अपनी ज़िंदगी में कभी किसी 15 साल के बच्चे से इतना डरा हूं. लेकिन हां, हमने गेम में जाने से पहले थोड़ी प्लानिंग की थी. यह अच्छा था कि इसका फ़ायदा हुआ."

जैमीसन ने मैच से पहले अपनी टीम के प्लान के बारे में बताया, और इस बात पर ज़ोर दिया कि दिल्ली कैपिटल्स के लिए राजस्थान की ओपनिंग जोड़ी यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी को जल्दी आउट करना कितना ज़रूरी था. लंबे कद के कीवी पेसर ने कहा,"ज़्यादातर टीमें राजस्थान की टीम को देखती हैं, तो उनके टॉप दो खिलाड़ियों ने ही उन्हें अच्छी शुरुआत दिलाई है. स्टार्सी ने हाई फुल टॉस से एक और मैंने यॉर्कर से एक विकेट लिया. जल्दी आउट होना अच्छा रहा और मुझे लगता है कि इससे पावरप्ले में उनका फ्लो कम हुआ."

चोटिल लुंगी एनगिडी की जगह दिल्ली कैपिटल्स टीम में आए जैमीसन ने नए बॉल पार्टनर मिचेल स्टार्क का खुले दिल से स्वागत किया. ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज ने मैच में तीन विकेट लिए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई. स्टार्क को लेकर उन्होंने कहा,"वह वर्ल्ड क्लास है, इसलिए जब भी आप अपनी टीम में उनमें से किसी को रखते हैं, तो यह बहुत बड़ा फ़ायदा होता है. वह सही समय पर आया, हमें पॉइंट्स टेबल पर थोड़ा आगे बढ़ने की ज़रूरत थी. उसके साथ नई बॉल शेयर करना अच्छा लगा, वह बहुत शानदार है."

यह भी पढ़ें: IPL 2026: मुंबई के अटैक को 'पैरालाइसिस', आखिर बुमराह क्यों हुए गुमराह? समझो खत्म हुई कहानी!

यह भी पढ़ें: RR vs DC IPL 2026: राजस्थान के खिलाफ दिल्ली की 'विशेष जीत', 19 साल में पहली बार किया कारनामा

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com