भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में 65वीं नेशनल इंटर स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के समापन दिन पुरुषों के जैवलिन थ्रो में 87.05 मीटर के जबरदस्त थ्रो के साथ रोहित यादव मौजूदा ग्लोबल टॉप लिस्ट में दूसरे स्थान पर पहुंच गए. एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स से पहले अब दुनिया भर के जैवलिन थ्रो एक्सपर्ट्स की निगाहें उन पर टिक गई हैं. उत्तर प्रदेश के टैलेंटेड इंटरनेशनल जैवलिन थ्रोअर 25 वर्षीय रोहित यादव ने अपने आखिरी प्रयास में भाला 87.05 मीटर दूर फेंककर गोल्ड जीत लिया.
ग्लोबल लिस्ट में नीरज चोपड़ा से निकले आगे
रविवार के प्रदर्शन के साथ ही रोहित यादव इस सीजन के टॉप- लीडिंग भारतीय जैवलिन थ्रोअर बन गए हैं और ग्लोबल टॉप लिस्ट में श्रीलंका के रुमेश थरंगा पथिरागे (92.62 मीटर) के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. दो बार के ओलंपिक और वर्ल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा फिलहाल 85.69 मीटर के थ्रो के साथ ग्लोबल टॉप लिस्ट में चौथे नंबर पर हैं.
यह रोहित यादव का अब तक का बेस्ट प्रदर्शन है. रोहित यादव का पिछला सर्वश्रेष्ठ 83.04 मीटर था जो उन्होंने 2023 में बनाया था. 87.05 मीटर का थ्रो 2022 में मनु डीपी द्वारा बनाए गए 84.35 मीटर के मीट रिकॉर्ड से भी बेहतर रहा.
87.05m last attempt winning and personal best throw by Rohit Yadav in the men javelin final of 65th Inter State Champ at Bhubaneswar. pic.twitter.com/gHhfeddL7t
— Rahul PAWAR ( राहुल पवार ) (@rahuldpawar) June 28, 2026
कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियाड के लिए बढ़ी उम्मीदें
25 साल के इंटरनेशनल थ्रोअर रोहित कहते हैं,"आज का प्रदर्शन ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स और जापान एशियन गेम्स जैसी बड़ी प्रतियोगिताओं से पहले मेरे आत्मविश्वास के लिए बड़ा बूस्ट है. मैं प्रैक्टिस में 86 मीटर और 87 मीटर की दूरी पार कर रहा था लेकिन कंपटीशन में अच्छे थ्रो नहीं कर पा रहा था. इससे मुझे बहुत दुख होता था. लेकिन मैं खुश हूं कि मैंने कंपटीशन में नया बेंचमार्क सेट किया."
भुवनेश्वर में रोहित यादव की सीरीज इस तरह रही: 77.71 मीटर, 77.63 मीटर, नो मार्क, 77.51 मीटर, 79.40 मीटर और 87.05 मीटर. उत्तर प्रदेश के जैवलिन थ्रोअर रोहित कहते हैं,"मैं आखिरी प्रयास में 87.05 मीटर का थ्रो हासिल कर पाया क्योंकि मुझे अच्छी रिदम या लय मिल गई."
रोहित यादव ये भी कहते हैं,"भविष्य में ऑप्टिमम लेवल पर परफॉर्म करने के लिए मुझे शुरुआती थ्रो में 85 मीटर या 86 मीटर पार करने की आदत डालनी होगी." रोहित यादव के अलावा, यशवीर सिंह (83.72 मीटर) और सचिन यादव (82.32 मीटर) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे, और उन्होंने भी जापान एशियन गेम्स का क्वालिफिकेशन मार्क 77.87 मीटर हासिल कर लिया है.
लॉन्ग जंप में रिकॉर्ड- बेस्ट पुरुष और महिला एथलीट का अवार्ड
भुवनेश्वर में एक दिन पहले केरल की 25 साल की एंसी सोजन ने 6.88 मीटर छलांग लगाकर वर्ल्ड चैंपियनशिप पदक विजेता अंजू बॉबी जॉर्ज का 22 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया. केरल के इंटरनेशनल जम्पर कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियाड के सिल्वर मेडल विजेता मुरली श्रीशंकर फील्ड में सबसे कंसिस्टेंट रहे. उनका गोल्ड विनिंग जम्प 8.38 मीटर चौथे प्रयास में आया.
रविवार को उनके सभी लीगल जम्प 8 मीटर से ऊपर रहे. उनकी सीरीज 8.06 मीटर, 8.00 मीटर, 8.21 मीटर, 8.38, 8.26 मीटर रही और आखिरी प्रयास नो मार्क था. श्रीशंकर अपने शानदार प्रदर्शन पर कहते हैं,"यह कंपटीटिव फील्ड था इसने मुझे अपना बेस्ट देने के लिए मोटिवेट किया और मैं जोर लगाता रहा."
रविवार को कई एथलीटों ने अपने-अपने इवेंट में एशियन गेम्स क्वालिफिकेशन स्टैंडर्ड हासिल किए. एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) सोमवार को एशियन गेम्स के लिए जाने वाले दल की घोषणा करेगा. लॉन्ग जम्पर श्रीशंकर एम और एंसी सोजन को मीट का बेस्ट मेल और फीमेल एथलीट का अवार्ड दिया गया. उत्तर प्रदेश ने मेन्स टीम ट्रॉफी (71 पॉइंट) जीती जबकि हरियाणा को वीमेन्स टीम ट्रॉफी (82 पॉइंट) मिली. तमिलनाडु ने ओवरऑल टीम चैंपियनशिप (138 पॉइंट) अपने नाम की.
यह भी पढ़ें: जयपाल राणा के 16 दिन बाद मां श्यामा देवी का भी निधन, बेटे के जन्मदिन के दिन दुनिया को कहा अलविदा
यह भी पढ़ें: टीम इंडिया की हार में मिला कप्तान अय्यर को बड़ा हथियार, इंग्लैंड में हो सकता है और घातक, लगातार खिलाएंगे गंभीर?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं