वर्ल्ड कप 2027 के आगाज में अब ज्यादा दिन शेष नहीं रह गए हैं. यही वजह है कि भारतीय टीम अपने बचे हुए सभी मुकाबलों को अंतिम मुकाबले के रूप में देख रही है. देशवासियों को आगामी टूर्नामेंट में रोहित शर्मा से काफी उम्मीदें हैं. मगर उनका बल्ला कुछ खास नहीं चल रहा है. यह हम नहीं बल्कि 'हिटमैंन' के आंकड़े खुद बोल रहे हैं. रोहित शर्मा के पिछले 10 वनडे पारियों पर गौर करें तो उनके बल्ले से केवल एक शतक और एक अर्धशतक निकला है, जो कि बेहद चिंताजनक है. क्योंकि अगर वह शीर्ष क्रम में ऐसे ही लगातार फ्लॉप होते रहे तो प्रेशर जल्द ही मध्यक्रम के बल्लेबाजों पर आ जाएगा, जो कि टीम के लिए शुभ संकेत नहीं है.
अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पा रहे हैं रोहित
ऐसा नहीं है कि रोहित शर्मा को मुकाबले के दौरान अच्छी शुरूआत नहीं मिल रही है. मगर अच्छी शुरुआत को वह बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पा रहे हैं. आज के मुकाबले में भी पारी का आगाज करते हुए उनका बल्ला खूब चल रहा था. मगर जोसेफ की एक गेंद पर वह चकमा खा बैठे. परिणाम यह रहा कि उन्हें एंड्रूयू के हाथों कैच आउट होते हुए पवेलियन का रूख करना पड़ा. आउट होने से पूर्व रोहित ने कुल 35 गेंदों का सामना किया. इस बीच वह 91.42 की स्ट्राइक रेट से 32 रन बनाने में कामयाब रहे. जिसमें क्रिकेट प्रेमियों को दो चौके और तीन छक्के देखने को मिले.
'हिटमैंन' के बल्ले से पिछले 10 पारियों में निकले हैं 411 रन
रोहित शर्मा ने अपनी पिछली 10 वनडे पारियों में कुल 411 रन बनाए हैं. जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है. इस बीच 138 रनों की खेली गई शतकीय पारी उनकी एक मैच में खेली गई सर्वोच्च शतकीय पारी रही है. इसके अलावा उन्होंने 79 रनों की एक अर्धशकीय पारी खेली है.
रोहित शर्मा का वनडे करियर
मौजूदा फॉर्म को छोड़ दिया जाए तो रोहित शर्मा का वनडे करियर सराहनीय रहा है. देश के लिए वनडे में उन्होंने खबर लिखे जाने तक कुल 289 वनडे मुकाबले खेले हैं. इस बीच उनके बल्ले से 281 पारियों में 11927 रन निकले हैं. जिसमें 34 शतक और 62 अर्धशतक शामिल है.
यह भी पढ़ें- 142 रन, 9 छक्के, 12 चौके, 5 बड़े कीर्तिमान, डेविड मिलर ने धोनी-युवराज का रिकॉर्ड भी नहीं बख्शा, VIDEO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं