Rohit Sharma Fitness Updates; MI vs PBKS IPL 2026: रोहित शर्मा की फिटनेस को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है, क्योंकि मुंबई इंडियंस के हालिया नेट सेशन में वह नज़र नहीं आए. इससे गुरुवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले में उनकी उपलब्धता पर सवाल उठने लगे हैं. Cricbuzz की रिपोर्ट के मुताबिक, रोहित को रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी. 241 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने 13 गेंदों पर 19 रन बनाए, लेकिन छठे ओवर में चोट के कारण रिटायर होना पड़ा. मैच के बाद उनका स्कैन कराया गया, जिसमें किसी तरह के मांसपेशियों के खिंचाव या फटने की पुष्टि नहीं हुई.
हालांकि उनकी चोट गंभीर नहीं मानी जा रही है, फिर भी पंजाब के खिलाफ मैच में उनकी भागीदारी को लेकर स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है. रिपोर्ट के अनुसार, ऐसी कोई ठोस जानकारी नहीं है जिससे लगे कि रोहित लंबे समय तक बाहर रहेंगे, लेकिन टीम मैनेजमेंट किसी तरह का जोखिम लेने से बचना चाहेगा.
यह भी कहा गया है कि अंतिम फैसला काफी हद तक खुद रोहित पर निर्भर करेगा. उनके अनुभव को देखते हुए, टीम उनके निर्णय का सम्मान कर सकती है, जबकि मैनेजमेंट यह सुनिश्चित करना चाहेगा कि चोट आगे न बढ़े.
गौरतलब है कि इसी मैच में रोहित ने मुंबई इंडियंस के लिए 6000 रन पूरे किए. अब उनके नाम 231 मैचों में 6013 रन दर्ज हैं, जिसमें 40 अर्धशतक और 2 शतक शामिल हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं