विज्ञापन
This Article is From Oct 20, 2015

रोहित शर्मा बन सकते हैं दूसरे वीरेंद्र सहवाग : ग्रीम स्मिथ

रोहित शर्मा बन सकते हैं दूसरे वीरेंद्र सहवाग : ग्रीम स्मिथ
रोहित शर्मा (फाइल फोटो)
नई दिल्ली: रोहित शर्मा बन सकते हैं भारत के लिए दूसरे वीरेंद्र सहवाग। ये मानना है दक्षिण अफ़्रीका के पूर्व टेस्ट कप्तान ग्रीम स्मिथ का। स्मिथ के मुताबिक रोहित में वो सभी प्रतिभा है जो सहवाग में है और वो भारत के दूसरे सहवाग बन सकते हैं।

सहवाग ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और आईपीएल से संन्यास का ऐलान मंगलवार को कर दिया है। सहवाग अब जनवरी-फ़रवरी में होने वाली मास्टर्स चैंपियन लीग (एमसीएल) में खेलेंगे। इस लीग में वेस्ट इंडीज़ के महान बल्लेबाज़ ब्रायन लारा, वसीम अकरम और माइकल वॉन जैसे क्रिकेटर खेल रहे हैं।

स्मिथ ने कहा, 'सहवाग जैसे बल्लेबाज़ की जगह लेना मुश्किल है क्योंकि वो स्वभाव से अक्रामक क्रिकेट खेलते हैं। सहवाग के जैसी ही आक्रामकता रोहित शर्मा की बल्लेबाज़ी में दिखाई देती है।'
पूर्व अफ़्रीकी खिलाड़ी का कहना है कि रोहित वो सब शॉट्स खेलते हैं जो सहवाग खेला करते थे। रोहित ने दो दोहरे शतक लगाए हैं और मौजूदा सीरीज़ में 150 से ऊपर का एक स्कोर बना चुके हैं।

स्मिथ रोहित की तारीफ़ करते हुए ये भी कहते हैं कि रोहित स्पिनरों को बेहतरीन तरीके से खेलते हैं। अगर शिखर धवन फ़ॉर्म में हों तो टीम इंडिया की ओपनिंग कमाल की होगी।

अफ़्रीकी टीम के लिए 117 टेस्ट खेल चुके स्मिथ ने कहा कि रोहित का असली इम्तिहान अभी बाक़ी है। स्मिथ ने कहा कि रोहित देसी पिच पर काफ़ी सफल रहे हैं, लेकिन उनका असली इम्तिहान विदेशी पिच पर होगा ख़ासकर ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ़्रीका की पिचों पर नए गेंद के साथ। वैसे ऐसी पिचों पर रोहित को खेलते देखना दिलचस्प होगा।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
रोहित शर्मा, ग्रीम स्मिथ, दक्षिण अफ्रीका, वीरेंद्र सहवाग, Rohit Sharma, Greame Smith, South Africa, Virendra Sehwag