विज्ञापन

वर्ल्ड कप से पहले नेपाल में हो गया खेला, रोहित की छुट्टी, दिल्ली के लिए गर्दा उड़ाने वाला खिलाड़ी बना कप्तान

संदीप लामिछाने को नेपाल का अगला वनडे कप्तान नियुक्त किया गया है. उनसे पहले यह जिम्मेदारी रोहित पौडेल के कंधों पर थी.

वर्ल्ड कप से पहले नेपाल में हो गया खेला, रोहित की छुट्टी, दिल्ली के लिए गर्दा उड़ाने वाला खिलाड़ी बना कप्तान
रोहित पौडेल और संदीप लामिछाने

वर्ल्ड कप 2026 के आगाज में अभी काफी दिन शेष हैं. मगर आगामी टूर्नामेंट को लेकर अभी से सभी देशों में तैयारियां शुरू हो गई हैं. नेपाल की टीम भी आगामी टूर्नामेंट में धमाल मचाने के लिए कमर कस चुकी है. क्वालीफायर प्ले-ऑफ मुकाबलों से पहले नेपाल की टीम में बड़ा बदलाव हुआ है. वनडे फॉर्मेट की कप्तानी रोहित पौडेल (Rohit Paudel) से छीनकर संदीप लामिछाने (Sandeep Lamichhane) के हाथों में दे गई है. लामिछाने के पास आईपीएल में शिरकत करने का अच्छा खासा अनुभव है. उन्होंने 2018-2019 में दिल्ली डेयरडेविल्स (दिल्ली कैपिटल्स) की तरफ से कुल नौ मुकाबलों में हिस्सा लिया था. इस बीच वह नौ पारियों में 22.46 की औसत से नौ विकेट चटकाने में कामयाब हुए थे. इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 36 रन खर्च कर तीन विकेट रहा था. 

संदीप लामिछाने के नाम दर्ज हैं खास उपलब्धियां 

संदीप लामिछाने का जन्म दो अगस्त साल 2000 में नेपाल के अरुचौर में हुआ था. मौजूदा समय में वह महज 26 साल के हैं. मगर इतनी छोटी उम्र में भी उन्होंने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं. जैसे वनडे फॉर्मेट के तहत वह सबसे तेज 150 विकेट चटकाने वाले पहले नेपाली गेंदबाज हैं. इसके अलावा वह नेपाल की तरफ से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 100 सफलता प्राप्त करने वाले पहले गेंदबाज भी हैं. 

संदीप का विवादों से भी रहा है नाता 

संदीप लामिछाने का विवादों से भी नाता रहा है. 2022 में एक नाबालिग लड़की ने उनपर यौन शोषण का आरोप लगाया था. जिसके बाद निचली अदालत में उनके खिलाफ केस चला. जहां उन्हें दोषी करार दिया गया और आठ साल की सजा सुनाई गई.

मगर 2024 में पाटन उच्च न्यायालय ने उन्हें सभी आरोपों से बरी कर दिया. इस बीच नेपाल क्रिकेट संघ ने कप्तानी से हटाने के साथ-साथ क्रिकेट से निलंबित भी कर दिया था. अब जब वह पूरी तरह से बरी हो गए हैं तो एक बार फिर से नेपाल क्रिकेट संघ से उनपर भरोसा जताया है. 

संदीप लामिछाने का वनडे करियर 

संदीप लामिछाने ने खबर लिखे जाने तक नेपाल की तरफ से कुल 77 वनडे मुकाबले खेले हैं. जहां उन्हें 75 पारियों में 19.92 की औसत से 154 सफलता हाथ लगी है. वनडे फॉर्मेट में उनके नाम नौ बार चार और तीन बार पांच विकेट चटकाने का रिकॉर्ड दर्ज है. 11 रन खर्च कर छह विकेट एक मैच में उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है. वहीं बल्लेबाजी के दौरान उन्होंने 51 पारियों में 13.54 की औसत से 501 रन बनाए हैं. 

यह भी पढ़ें- IND vs SL: देवदत्त पडिक्कल से लेकर आकिब नबी तक, श्रीलंका दौरे पर इन 5 खिलाड़ियों पर टिकी सबकी नजर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nepal, Sandeep Lamichhane, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com