विज्ञापन

IPL 2026: रियान पराग पर वेपिंग मामले में क्या एक्शन ले सकता है BCCI? रिपोर्ट में सामने आई ये बातें

Riyan Parag Vaping Controversy, IPL 2026: टूर्नामेंट के आयोजन से जुड़े IPL और BCCI के अधिकारियों ने इसे सोशल मीडिया और हर जगह मौजूद टीवी कैमरों के इस दौर में एक लापरवाही भरा काम बताया है.

IPL 2026: रियान पराग पर वेपिंग मामले में क्या एक्शन ले सकता है BCCI? रिपोर्ट में सामने आई ये बातें
Riyan Parag Vaping Controversy, IPL 2026:

Riyan Parag Vaping Controversy, IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग आईपीएल 2026 में एक बड़े विवाद में फंस गए हैं. मंगलवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान उन्हें ड्रेसिंग रूम में 'वेपिंग' (ई-सिगरेट) करते हुए लाइव टीवी कैमरों ने पकड़ लिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस घटना ने बीसीसीआई (BCCI) और आईपीएल अधिकारियों को नाराज कर दिया है, क्योंकि भारत सरकार ने 2019 से ही ई-सिगरेट पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा रखा है. खेल के दौरान एक कप्तान की इस तरह की लापरवाही को अनुशासनहीनता माना जा रहा है.

क्या रियान पराग पर BCCI लेगा एक्शन?

PTI की एक रिपोर्ट के अनुसार, टूर्नामेंट के आयोजन से जुड़े IPL और BCCI के अधिकारियों ने इसे सोशल मीडिया और हर जगह मौजूद टीवी कैमरों के इस दौर में एक लापरवाही भरा काम बताया. IPL के एक विश्वसनीय सूत्र ने कहा, "बहुत से खिलाड़ी ई-सिगरेट पीते हैं, लेकिन वो ड्रेसिंग रूम में ऐसा नहीं करते. इतने सारे कैमरों के आसपास ऐसा करना बहुत जोखिम भरा और लापरवाही भरा काम है. पराग को इतनी खुलेआम वेपिंग करते हुए पकड़े जाने के बाद, BCCI को शायद कोई कार्रवाई करनी पड़े."

रिपोर्ट में किये जा रहे ये दावे

टाइम्स नाउ की एक रिपोर्ट के अनुसार, 'वेपिंग विवाद' में फंसे रियान पराग को शायद किसी बड़ी सजा का सामना न करना पड़े. रिपोर्ट में कहा गया है कि आईपीएल की नियमावली में वेपिंग के लिए दंड देने का कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं है, इसलिए बीसीसीआई (BCCI) उन्हें केवल कड़ी चेतावनी देकर छोड़ सकता है.

वहीं 'द इंडियन एक्सप्रेस' की एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक, बोर्ड इस मामले को हल्के में नहीं ले रहा है और राजस्थान रॉयल्स के कप्तान से इस हरकत पर औपचारिक स्पष्टीकरण मांगने की तैयारी में है. अधिकारी के हवाले से कहा गया, "हम इस मुद्दे पर रियान से स्पष्टीकरण मांगेंगे, क्योंकि वेपिंग की अनुमति नहीं है. उनके स्पष्टीकरण के आधार पर, IPL आगे की कार्रवाई करेगा."

गौरतलब है कि राजस्थान रॉयल्स के लिए यह सीजन कुछ अनुशासनात्मक चुनौतियों वाला रहा है. इस मामले से पहले, टीम मैनेजर रोमी भिंडर पर भी पीएमओए (PMOA) प्रोटोकॉल के उल्लंघन के लिए 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था, क्योंकि उन्हें डगआउट में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पाया गया था. फिलहाल सबकी नजर इस बात पर है कि बीसीसीआई रियान पराग के मामले में क्या अंतिम निर्णय लेता है.

अनिल चौधरी ने युवा क्रिकेटर्स को चेताया

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अंपायर की भूमिका निभा चुके अनिल चौधरी ने युवा क्रिकेटर्स को चेताया है कि वे बड़े टूर्नामेंट के दौरान मैदान के अंदर या बाहर अपने व्यवहार को लेकर सतर्क रहें. यह घटना मंगलवार को राजस्थान रॉयल्स की पारी के 16वें ओवर के दौरान हुई. इस मुकाबले के दौरान कैमरे ड्रेसिंग रूम की ओर घूमे और रियान पराग को यशस्वी जायसवाल, युद्धवीर सिंह चरक और कुलदीप सेन के सामने वेप डिवाइस का इस्तेमाल करते हुए कैद कर लिया. यह फुटेज तुरंत वायरल हो गया, जिससे खिलाड़ियों के अनुशासन और भारतीय कानून के तहत ऐसे उपकरणों की वैधता पर बहस छिड़ गई.

अनिल चौधरी ने ईयूटी20 बेल्जियम जर्सी लॉन्च के मौके पर 'आईएएनएस' से ​​बात करते हुए कहा, "मुझे कानूनी पहलुओं के बारे में तो ठीक से नहीं पता, लेकिन निश्चित रूप से, नियम और अन्य कानून तो होंगे ही. कभी-कभी ये कैमरे कहीं भी जा सकते हैं, इसलिए सभी खिलाड़ियों को बहुत सावधान रहना चाहिए. ये युवा लड़के हैं. उन्हें यह नहीं पता होता कि टॉयलेट को छोड़कर वे कहीं भी कैमरे में कैद हो सकते हैं, इसलिए लड़कों को सावधान रहना चाहिए. मेरा मानना ​​है कि टीवी पर अच्छी चीजें दिखाई जानी चाहिए, और हमें दूसरी बातों के बजाय खेल पर चर्चा करनी चाहिए."

भारत सरकार ने 2019 में ई-सिगरेट पर प्रतिबंध लगा दिया था, जिसके तहत इनका उत्पादन, बिक्री और वितरण पूरी तरह से वर्जित है. कानून के अनुसार, पहली बार अपराध करने पर दोषी को एक साल तक की जेल और/या 1 लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com