Rishabh Pant Resigns as Lucknow Super Giants Captain: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के खराब प्रदर्शन के बाद ऋषभ पंत ने टीम की कप्तानी छोड़ दी है. शुक्रवार को लखनऊ सुपर जायंट्स ने एक सोशल मीडिया पोस्ट कर जानकारी दी कि विकेटकीपर बल्लेबाज ने कप्तानी छोड़ने का फैसला लिया था, जिसे फ्रेंचाइजी ने मान लिया. बता दें, जारी सीजन में टीम 14 मैचों में सिर्फ 4 जीत पाई थी, जबकि 10 में उसे हार का सामना करना पड़ा था. लखनऊ प्लेऑफ की रेस से बाहर होने वाली पहली टीम बनी थी.
लखनऊ सुपर जायंट्स की तरफ से एक्स पर एक पोस्ट जारी कर इसकी जानकारी दी गई. फ्रेंचाइजी ने बताया,"लखनऊ सुपर जायंट्स औपचारिक रूप से घोषणा करती है कि ऋषभ पंत ने फ्रेंचाइजी से कप्तानी छोड़ने का अनुरोध किया था, जिसे फ्रेंचाइजी ने तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है."
Official announcement. pic.twitter.com/7WeOwpkDr6
— Lucknow Super Giants (@LucknowIPL) May 29, 2026
फ्रेंचाइजी ने क्रिकेट निदेशक टॉम मूडी के हवाले से लिखा,"ऋषभ ने फ्रेंचाइजी से इस संबंध में संपर्क किया था और हमने सम्मानपूर्वक उनके अनुरोध को स्वीकार कर लिया है. ऐसे निर्णय लेना कभी आसान नहीं होता. कप्तान के रूप में ऋषभ ने इस ड्रेसिंग रूम में जो कुछ भी योगदान दिया है, उसके लिए हम उनके आभारी हैं. अब हमारा ध्यान सर्वश्रेष्ठ मानकों तक पहुंचने के लिए टीम के सामूहिक पुनर्निर्माण और पुनर्गठन पर है."
बुरी तरह फ्लॉप हुए पंत
आईपीएल 2025 की शुरुआत से पहले हुई खिलाड़ियों की नीलामी में लखनऊ ने ऋषभ पंत को 27 करोड़ में खरीदा था. फ्रेंचाइजी को इस विकेटकीपर बल्लेबाज से काफी उम्मीदें थी, लेकिन वह इस पर खड़े नहीं उतरे. 2025 में टीम जहां अंक तालिका में सातवें स्थान पर रही तो इस सीजन 10वें स्थान पर रही. पंत की अगुवाई में लखनऊ सिर्फ 10 मैच जीतने में सफल हो पाई, जबकि 18 में उसे हार का मुंह देखना पड़ा.
केएल राहुल के बाद ऋषभ पंत टीम के दूसरे कप्तान थे. केएल राहुल ने 2022 से 2024 तक टीम की अगुवाई की थी. लखनऊ का कप्तान बनने के बाद कहा था कि वह टीम को अपना '200 प्रतिशत देंगे' और वो एक "नई ऊर्जा के साथ नई शुरुआत के लिए पूरी तरह से तैयार हैं." हालांकि, ऐसा हुआ नहीं बल्कि ऋषभ पंत बल्ले से भी संघर्ष करते दिखे. ऋषभ पंत ने आईपीएल 2025 में 133.16 की स्ट्राइक रेट से 269 रन बनाने में सफल हुए तो 2026 में उन्होंने 138 की स्ट्राइक रेट से 312 रन बनाए.
लखनऊ के आईपीएल 2026 के लीग स्टेज के आखिरी मैच के बाद टॉम मूडी ने इस बात के संकेत दिए थे कि टीम की लीडरशिप में बदलाव होगा. पजाब किंग्स के खिलाफ हार के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में मूडी ने कहा,"आपको यह सोचने पर मजबूर होना पड़ता है कि क्या उस दबाव का असर उनकी बल्लेबाजी प्रदर्शन पर भी दिख रहा है. मैं जानता हूं कि यह सीजन हमारे लिए एक कठिन सीजन रहा है, लेकिन हम इस पर विचार करेंगे, हम समय लेंगे, हम इस पर आत्ममंथन करेंगे, हम सभी चीजों पर विचार करेंगे."
अभी यह साफ नहीं है कि क्या पंत बतौर खिलाड़ी टीम के साथ बने रहेंगे या नहीं. लेकिन इसकी संभावना काफी कम लगती है. इसके साथ ही अभी यह भी साफ नहीं है कि क्या फ्रेंचाइजी दिसंबर तक का इंतजार करेगी और खिलाड़ियों की नीलामी में किसी कप्तान पर फोक्स करेगी या फिर वो ट्रेडिंग विंडो खुलने के बाद किसी खिलाड़ी को ट्रे़ड करेगी. फिलहाल लखनऊ के पास मिचेल मार्श, एडन मार्करम और निकोलस पूरन जैसे खिलाड़ी हैं, जो पंत की जगह ले सकते हैं.
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी की सुनामी में उड़ेगा सुरेश रैना का मेगा रिकॉर्ड? हैदराबाद के खिलाफ चूके थे एक बॉल से
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी की बैटिंग Vs सचिन, सहवाग, लारा, गेल, ब्रेडमैन, कोहली, डिविलियर्स का खेल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं