अलीगढ़ से क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में खेलने वाले एकमात्र क्रिकेटर रिंकू सिंह को उम्मीद है कि वह अपने शहर की पहचान दुनिया भर में बढ़ा सकेंगे. उन्होंने गुरुवार को लंदन में ब्रिटेन की एक ‘स्पोर्ट्स मार्केटिंग' एजेंसी के साथ करार किया.
‘ईएमडब्ल्यू ग्लोबल' ने टी20 विश्व कप विजेता बल्लेबाज रिंकू को अपना पहला क्रिकेट खिलाड़ी बनाया है. इसके साथ ही रिंकू ऐसे वैश्विक करार पर हस्ताक्षर करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं. कोलकाता नाइट राइडर्स के इस स्टार ने एजेंसी के मुंबई मुख्यालय के उद्घाटन समारोह में नेट्स पर बल्लेबाजी भी की.
रिंकू ने पीटीआई से बातचीत में कहा कि, 'मैं अलीगढ़ का पहला खिलाड़ी हूं जो आईपीएल और भारतीय टीम के लिए खेला है. यह मेरे लिए गर्व की बात है.' उन्होंने कहा कि, 'अब जब मैं ईएमडब्ल्यू ग्लोबल के साथ अंतरराष्ट्रीय मंच पर कदम रख रहा हूं, तो उम्मीद है कि इससे न केवल मुझे, बल्कि उस जगह को भी फायदा होगा, जहां से मैं आता हूं.'
एक साधारण परिवार से निकलकर आगे बढ़ने की कहानी
रिंकू ने बताया कि वह ईएमडब्ल्यू के साथ इसलिए जुड़े क्योंकि यह एजेंसी लियोनेल मेसी और नेमार जूनियर जैसे बड़े फुटबॉल सितारों के साथ काम कर चुकी है. साथ ही, यह खिलाड़ियों की असली पहचान बनाए रखने पर जोर देती है. उन्होंने कहा, 'मैं अपनी संघर्ष की कहानी को वैश्विक मंच तक ले जाना चाहता था. मेरी कहानी एक साधारण परिवार से निकलकर आगे बढ़ने की है.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं