RCB vs LSG, IPL 2026: आईपीएल 2026 का 23वां मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच बेंगलुरु को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा. प्रचंड फॉर्म में चल रही आरसीबी को उसके घर में रोकना एलएसजी के लिए बड़ी चुनौती है. आरसीबी और एलएसजी के बीच मुकाबले हमेशा से रोमांचक होते रहे हैं. कभी एलएसजी आरसीबी के घर में तो कभी आरसीबी एलएसजी के घर में भारी पड़ती रही है, लेकिन ओवरऑल रिकॉर्ड पर नजर डालें तो आरसीबी का पलड़ा भारी है.
आरसीबी बनाम लखनऊ. हेड टू हेड
दोनों टीमों के बीच अब तक 6 मैच खेले गए, जिसमें आरसीबी ने 4 और एलएसजी ने 2 मैच जीते हैं। ये आंकड़े दर्शाने के लिए काफी हैं कि आरसीबी का सामना एलएसजी के लिए कभी आसान नहीं रहा है.
आरसीबी की टीम रही है शानदार
आरसीबी का मौजूदा फॉर्म भी लखनऊ के लिए चिंता का विषय है. टीम की बल्लेबाजी जितनी विस्फोटक है, गेंदबाजी उतनी ही घातक साबित हुई है.आरसीबी सीजन के अपने 4 मैचों में 3 जीत के साथ 6 अंक लेकर अंकतालिका में तीसरे स्थान पर है. बेंगलुरु ने अपना एकमात्र मुकाबला राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गंवाया है.फिल सॉल्ट फॉर्म में लौट आए हैं, विराट कोहली ने निरंतरता दिखाई है.कप्तान रजत पाटीदार, देवदत्त पड्डिकल, टिम डेविड, वेंकटेश अय्यर और रोमारियो शेफर्ड जैसे बल्लेबाज फॉर्म में हैं और लखनऊ के गेंदबाजों के लिए मुश्किल खड़ी कर सकते हैं. गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी, रसीख सलाम, क्रुणाल पांड्या और सुयश शर्मा ने अच्छा काम किया है.
लखनऊ सुपर जायंट्स कैसी है
एलएसजी की परेशानी उसकी बल्लेबाजी रही है. मिशेल मार्श, एडन मार्करम, ऋषभ पंत, निकोलस पूरन टीम में शामिल सबसे बड़ा नाम हैं, लेकिन कुछ मौकों को छोड़ दिया जाए, तो ये बल्लेबाज बड़ी और प्रभावी पारी खेलने में सफल नहीं रहे हैं। निचले क्रम में मुकुल चौधरी ने उम्मीद जगाई है, लेकिन किसी एक बल्लेबाज पर निर्भर नहीं रहा जा सकता. एलएसजी के टॉप ऑर्डर को अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा, तभी वे बेंगलुरु को उसके घर में चुनौती दे पाएंगे. एलएसजी की गेंदबाजी ने प्रभावित किया है. मोहम्मद शमी और प्रिंस यादव ने तेज गेंदबाजी तो दिग्वेश राठी ने स्पिन गेंदबाजी में कमाल किया है. आरसीबी को उसके घर में चुनौती देने के लिए एलएसजी को एक टीम के रूप में एकजुट और प्रभावी प्रदर्शन करना होगा। एलएसजी फिलहाल 4 मैचों में 2 जीत के साथ 4 अंक लेकर सातवें स्थान पर है.

विराट कोहली को लेकर संशय बरकरार
अभी की स्थिति को देखते हुए, RCB बनाम LSG मैच में विराट कोहली का खेलना अभी भी पक्का नहीं है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह न सिर्फ़ टखने की चोट से जूझ रहे हैं, बल्कि उन्हें फिटनेस से जुड़ी कुछ और दिक्कतें भी हैं, ऐसे में उनके खेलने को लेकर अनिश्चितता और बढ़ा दी है.
'इम्पैक्ट प्लेयर' के तौर पर शामिल किए जा सकते हैं ?
कोहली की कुछ ऐसी तस्वीरें भी सामने आई हैं जिनमें वह अपने पैर पर भारी पट्टी बांधकर ट्रेनिंग करते दिख रहे हैं. इससे उनके मैच के लिए तैयार होने को लेकर अटकलें और तेज हो गई हैं. हालांकि उन्होंने हल्की-फुल्की ट्रेनिंग शुरू कर दी है, लेकिन यह अभी भी साफ नहीं है कि वह मैच के लिए पूरी तरह फिट हैं या नहीं, या फिर RCB इस मामले में सावधानी भरा रवैया अपनाएगी. उम्मीद है कि टीम मैनेजमेंट टॉस से ठीक पहले इस बारे में अपना फैसला लेगा. इस बात की भी संभावना है कि अगर कोहली फील्डिंग के लिए पूरी तरह फिट नहीं भी होते हैं, तो भी मैच की स्थिति को देखते हुए उन्हें 'इम्पैक्ट प्लेयर' के तौर पर टीम में शामिल किया जा सकता है.
एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच क्या असर दिखाएगी
एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों को मदद करती है. आजके मैच में भी बल्लेबाज इस पिच पर खूब रन बना सकते हैं. ऐसी उम्मीद है कि गेंद पर अच्छी टाइमिंग वाले बल्लेबाज एक बार फिर हावी रहेंगे. हाल के आंकड़े भी इस बात की पुष्टि करते हैं, यहां खेले गए पिछले 5 मैचों में, तेज गेंदबाज़ों ने 43 विकेट लिए हैं, जबकि स्पिनरों को सिर्फ 15 विकेट ही मिल पाए हैं. यह मैदान अब नियमित रूप से ज्यादा स्कोर वाला बन गया है, जैसा कि पहली पारी के 206 के विशाल औसत स्कोर से पता चलता है.
मौसम कैसा रहेगा
बेंगलुरु का मौसम क्रिकेट के लिए एकदम सही रहेगा,आसमान साफ रहेगा और नमी भी कम होगी. बारिश से खेल में किसी भी तरह की रुकावट आने की उम्मीद नहीं है.
आरसीबी संभावित 11
फिल साल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार, टिम डेविड, जितेश शर्मा, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, रसिख सलाम, जैकब डफी/जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा
लखनऊ सुपरजायंट्स संभावित 11
एडेन मार्करम, मिशेल मार्श, ऋषभ पंत, आयुष बडोनी, निकोलस पूरन, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, जॉर्ज लिंडे/एनरिक नॉर्टजे, मोहम्मद शमी, अवेश खान/मोहसिन खान, दिगवेश सिंह राठी, प्रिंस यादव/मयंक यादव
ये भी पढ़ें- CSK की जीत से IPL Points Table में उथल-पुथल, केकेआर के लिए प्लेऑफ में पहुंचना हुआ मुश्किल
ये भी पढ़ें- Sanju Samson: संजू सैमसन ने IPL में मचाई खलबली, धोनी का महारिकॉर्ड तोड़ रचा इतिहास
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं