विज्ञापन

RCB vs GT: किसका पलड़ा है भारी, मैच के दौरान कैसा रहेगा पिच और मौसम का मिजाज, जानें दोनों टीमों की परफेक्ट XI!

Royal Challengers Bengaluru vs Gujarat Titans Qualifier 1: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच कुल आठ मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान दोनों टीमों का पलड़ा एक बराबर रहा है. दोनों टीमों ने एक दूसरे के खिलाफ क्रमशः चार-चार मुकाबलों में बाजी मारी है.

RCB vs GT: किसका पलड़ा है भारी, मैच के दौरान कैसा रहेगा पिच और मौसम का मिजाज, जानें दोनों टीमों की परफेक्ट XI!
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा पहला क्वालिफायर वन

Royal Challengers Bengaluru vs Gujarat Titans Qualifier 1: आईपीएल के 19वें सीजन का रोमांच अब आखिरी दौर में प्रवेश कर चुका है. लीग चरण के मुकाबले समाप्त हो चुके हैं, जबकि मंगलवार (26 मई 2026) से प्लेऑफ के मैच शुरू हो रहे हैं. क्वालिफायर वन के पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की भिड़ंत गुजरात टाइटंस (GT) के साथ है. दोनों टीमों के बीच यह रोमांचक मुकाबला हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा. जहां दोनों टीमों का प्रयास रहेगा कि वह इस मुकाबले को जीतकर फाइनल में प्रवेश करें. जारी सीजन में आरसीबी और जीटी दोनों का प्रदर्शन सराहनीय रहा है. पाटीदार एंड कंपनी के शानदार प्रदर्शन का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने पहले हाफ में कुल पांच मुकाबले अपने नाम किए थे, जबकि दूसरे दूसरे हाफ में चार मैच जीतने में कामयाब रहे थे. टीम ने टूर्नामेंट में जल्द से जल्द मैच को खत्म करने और पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा से बड़ा स्कोर बनाने का प्रयास किया है. वहीं जीटी का प्रदर्शन भी काबिले तारीफ रहा है. खासकर टीम ने दूसरे हाफ में जिस तरह का खेल दिखाया है. वह सराहनीय है. जीटी की टीम दूसरे हाफ में सात में से कुल छह मुकाबले अपने नाम करने में कामयाब हुई थी. 

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम गुजरात टाइटंस हेड टू हेड रिकॉर्ड

खबर लिखे जाने तक रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच कुल आठ मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान दोनों टीमों का पलड़ा एक बराबर रहा है. दोनों टीमों ने एक दूसरे के खिलाफ क्रमशः चार-चार मुकाबलों में बाजी मारी है. प्लेऑफ के मुकाबलों में अबतक ये दोनों टीमें कभी आमने-सामने नहीं हुई हैं. आगामी मंगलवार को पहली बार ये प्लेऑफ में एक दूसरे के सामने आमने सामने होंगी. 

पिछले पांच मुकाबलों में दोनों टीमों का प्रदर्शन 

पिछले पांच मुकाबलों में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के प्रदर्शन पर गौर करें तो गुजरात की टीम बेंगलुरु से आगे नजर आती है. गुजरात को अपने पिछले पांच में से चार मुकाबलों में जीत मिली है, जबकि केवल एक मैच में हार का सामना करना पड़ा है. वहीं आरसीबी की टीम को अपने पांच में से तीन मुकाबलों में जीत मिली है, जबकि दो मुकाबलों में हार का मुंह देखना पड़ा है. 

क्वालिफायर वन के लिए RCB और GT की संभावित प्लेइंग इलेवन 

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: 1 विराट कोहली, 2 फिल साल्ट/वेंकटेश अय्यर, 3 देवदत्त पडिक्कल, 4 रजत पाटीदार (कप्तान), 5 जितेश शर्मा (विकेट कीपर), 6 रोमारियो शेफर्ड, 7 टिम डेविड, 8 क्रुणाल पंड्या, 9 भुवनेश्वर कुमार, 10 जोश हेजलवुड और 12 रसिख सलाम. 

गुजरात टाइटंस: 1 शुभमन गिल (कप्तान), 2 बी साई सुदर्शन, 3 जोस बटलर (विकेटकीपर), 4 वाशिंगटन सुंदर, 5 जेसन होल्डर, 6 राहुल तेवतिया, 7 निशांत सिंधु, 8 राशिद खान, 9 कागिसो रबाडा, 10 मोहम्मद सिराज, 11 प्रसिद्ध कृष्णा/आर साई किशोर/मानव सुथार

पिच का मिजाज 

क्वालिफायर वन का पहला मुकाबला धर्मशाला में खेला जाएगा. जहां दोनों रात्रि वाले मैच में देखा गया है कि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को जीत मिली है. घनी घास वाली पिच पर गेंद रुककर आ रही है. ऊपर से आउटफील्ड छोटा है. जिससे स्कोर का बचाव करना बेहद मुश्किल हो जाता है. बल्लेबाजों को धीमी गति की गेंदों के सामने हमेशा सावधान रहना होगा. मैच के दौरान मौसम बिल्कुल साफ रहेगा. 

धर्मशाला के मैदान की खासियत 

धर्मशाला का खूबसूरत हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम, धर्मशाला समुद्र तल (जमीन) से लगभग 1,457 मीटर (यानी करीब 4,780 फीट) की ऊंचाई पर स्थित है. इतनी अधिक ऊंचाई पर होने के कारण यह भारत का ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मैचों की मेजबानी करने वाले दुनिया के सबसे ऊंचे क्रिकेट मैदानों में से एक है. इस हाई-एल्टीट्यूड (अधिक ऊंचाई) का खेल पर भी खास वैज्ञानिक असर पड़ता है.  यहां पतली हवा हवा चलती है और इतनी ऊंचाई पर मैदानी इलाकों के मुकाबले हवा का दबाव कम  होता है इस वजह से हवा में गेंद पर घर्षण कम लगता है. गेंदबाजों को बाकी स्टेडियम की तुलना में ज्यादा अतिरिक्त उछाल पिच से मिलता है. यहां की ठंडी और दुर्लभ हवा के कारण तेज गेंदबाजों को भी पिच से अच्छी गति, कैरी और अतिरिक्त उछाल मिलता है.

Latest and Breaking News on NDTV

मौसम का बॉलरों, बल्लेबाजों पर असर

1. गेंदबाजों के लिए (स्विंग और सीम का तड़का)

आज के मैच में इस खूबसूरत पहाड़ी मैदान पर शाम के समय तापमान गिरकर 21°C तक आ जाएगा. इस ठंडी हवा और साफ आसमान के बीच शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को पिच और हवा दोनों से बेहतरीन स्विंग और सीम मूवमेंट मिलने की उम्मीद है. और जब ऐसा होगा और भुवनेश्वर और हेजलवुड जैसे बॉलर आएंगे, तो यह पावर-प्ले में गुजरात के बल्लेबाजों के लिए खासी मुसीबत खड़ी कर सकते हैं. 

2. बल्लेबाजों के लिए शुरुआती परीक्षा

इस मौसम में बल्लेबाजों के लिए शुरुआती 6 ओवर बेहद चुनौतीपूर्ण होंगे, जहां उन्हें संभलकर खेलना होगा एक बार जब गेंद की चमक थोड़ी कम होगी, तो स्विंग भी कम हो जाएगी. और इस सूरत में यहां से बल्लेबाजों के लिए तुलनात्मक रूप से रन बनाना आसान होगा. साफ है कि शुरुआत में बल्लेबाजों को संभलकर खेलना होगा, गेंद को लेट खेलना होगा.  चूंकि मैदान पर उमस सिर्फ 40% है. इसलिए मैदान पर ओस  की भूमिका न के बराबर होगी. इसका मतलब है कि स्पिनर्स और डेथ ओवर बॉलर्स को गीली गेंद से परेशान नहीं होना पड़ेगा और वे अपनी ग्रिप बनाए रख सकेंगे. ऐसे में बाद में बैटिंग करने वाली टीम को 'फिसलन' फायदा नहीं मिलेगा.

यह भी पढ़ें- 0,0,0,0,0, जिस शर्मनाक रिकॉर्ड से भागते हैं सभी खिलाड़ी, वहीं अनचाहा रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम जुड़ा


 

लेखक के बारे में
img
राकेश कुमार सिंह
Senior Sub Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Royal Challengers Bengaluru, Gujarat Titans, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com