Rajat Patidar Dedicates IPL Trophy to Stampede Victims RCB Fans: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के कप्तान रजत पाटीदार ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में अपनी दूसरी ट्रॉफी को पिछले साल भगदड़ में मारे गए प्रशंसकों को समर्पित की. पिछले साल जब आरसीबी ने अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था तो तब बेंगलुरु में जल्दबाजी में आयोजित किए गए विजय समारोह के दौरान भगदड़ मच गई थी. इससे एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर 11 प्रशंसकों की मौत हो गई थी.
अपने प्रशंसकों को खो दिया
पाटीदार ने रविवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ फाइनल में पांच विकेट की जीत के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘निश्चित तौर पर बहुत बुरा लगता है कि खिताब जीतने के बाद आपने अपने प्रशंसकों को खो दिया. सिर्फ प्रशंसक ही नहीं, वो तो परिवार के सदस्य थे.''
उन्होंने कहा,‘‘मैं यह ट्रॉफी उन्हें समर्पित करना चाहता हूं. बस इतना ही. उस भावना को व्यक्त करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं.'' उस दुखद घटनाक्रम के बाद चिन्नास्वामी स्टेडियम में लगभग आठ महीने तक शीर्ष स्तर के क्रिकेट मैचों का आयोजन नहीं किया गया. इन प्रशंसकों के सम्मान में आरसीबी के खिलाड़ियों ने मैच के दिन अभ्यास सत्र के दौरान 11 नंबर की जर्सी पहनी थी. यही नहीं उनके सम्मान में चिन्नास्वामी स्टेडियम में 11 सीट स्थायी तौर पर खाली रखी गई थी.
फाइनल मुकाबले का ऐसा रहा हाल
फाइनल मुकाबले की बात करें तो, RCB के कहने पर पहले बल्लेबाजी करते हुए GT ने 20 ओवर में सिर्फ 8 विकेट पर 155 रन बना सकी. वॉशिंगटन सुंदर (37 गेंदों में 50 रन, पांच चौकों के साथ) और निशांत सिंधु (18 गेंदों में 20 रन, तीन चौकों के साथ) ही ऐसे बल्लेबाज रहे जिन्होंने 20 रन का आंकड़ा पार किया. रासिक डार सलाम (3/27), भुवनेश्वर कुमार (2/29) और जोश हेजलवुड (2/37) ने नियमित अंतराल पर विकेट लिए. RCB ने अच्छी शुरुआत की, जिसमें वेंकटेश अय्यर (16 गेंदों में 32 रन, चार चौकों और दो छक्कों के साथ) और विराट कोहली के बीच 62 रनों की साझेदारी हुई.
GT ने कुछ संघर्ष दिखाया और एक समय RCB का स्कोर 132/5 तक सीमित कर दिया, लेकिन लक्ष्य बहुत ही छोटा था और मैदान पर चेंज मास्टर विराट कोहली थे जिन्होंंने (42 गेंदों में 75 रनों की पारी खेली जिसमें नौ चौके और तीन छक्के शामिल थे और उन्होंने दो ओवर शेष रहते ही RCB को जीत दिला दी. यह RCB का दूसरा IPL खिताब है और कुल मिलाकर उनकी चौथी भारतीय फ्रेंचाइजी क्रिकेट ट्रॉफी है, जिसमें दो महिला प्रीमियर लीग (WPL) खिताब भी शामिल हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं