Ravichandran Ashwin on Jason Holder Catch Controversy: गुजरात टाइटंस (GT) ने गुरुवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के 42वें मुकाबले मे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को 4 विकेट से मात दी. इस मुकाबले के बाद प्वाइंट्स टेबल में किसी भी टीम की स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है. जीटी 9 में से 5 मैच जीतकर पांचवें पायदान पर है, जबकि आरसीबी 9 में से 3 मैच गंवाकर दूसरे स्थान पर है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच गुरुवार को आईपीएल मैच के दौरान नाटकीय पल देखने को मिला, जिसमें विराट कोहली सभी नजरों का केंद्र थे. मैदान पर अपने जुनून और जोश के लिए मशहूर कोहली को, कप्तान रजत पाटीदार को आउट करने के लिए जेसन होल्डर के लिए गए एक विवादित कैच के बाद चौथे अंपायर से सवाल पूछते देखा गया.
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में आरसीबी 3.2 ओवरों में 35 के स्कोर तक अपने 2 विकेट खो चुकी थी. यहां से देवदत्त पड्डिकल ने कप्तान विराट कोहली के साथ 26 गेंदों में 44 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाल लिया था, लेकिन 8वें ओवर की तीसरी गेंद पर रन गति बढ़ाने के लिए उन्होंने एक पुल शॉट खेलने की कोशिश की. होल्डर ने तेजी से प्रतिक्रिया दी और आगे की ओर डाइव लगाकर कैच लपका.
घटना का रीप्ले देखने पर यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा था कि गेंद जमीन को छूई थी या नहीं? इस शंका के बावजूद, थर्ड अंपायर ने रिव्यू के बाद कैच को सही ठहराया और पाटीदार को आउट घोषित कर दिया गया. इस फैसले से कोहली और आरसीबी खेमा नाखुश दिखा, क्योंकि मैच के एक अहम मोड़ पर यह फैसला उनके खिलाफ गया था.
इसके बाद विराट कोहली को बाउंड्री रोप के पास फोर्थ अंपायर के साथ लंबी बातचीत करते देखा गया. ऐसा लगा कि वह इस फैसले पर स्पष्टीकरण चाहते थे, खासकर इसलिए क्योंकि रीप्ले में कोई स्पष्ट सबूत नहीं दिख रहा था.
जेसन होल्डर द्वारा पकड़े गए विवादित कैच पर आर. अश्विन
भारत के अनुभवी स्पिनर आर. अश्विन ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटन्स (GT) के बीच हुए मैच में जेसन होल्डर द्वारा पकड़े गए विवादित कैच पर अपनी राय साफ कर दी है. अपने YouTube चैनल पर बात करते हुए अश्विन ने तकनीकी और निष्पक्ष दोनों पहलुओं से इसे समझाने की कोशिश की. अश्विन ने बहुत ही रोचक अंदाज में कहा कि जेसन होल्डर के हाथ सामान्य इंसान की तुलना में दोगुने बड़े हैं, जिसकी वजह से गेंद उनके हाथों में समाते ही लगभग गायब हो जाती है.
उन्होंने तर्क दिया कि भले ही टीवी रिप्ले में उंगलियों के बीच से गेंद की झलक दिख रही हो, लेकिन इसका मतलब यह कतई नहीं है कि वह ज़मीन को छू रही थी. अश्विन के मुताबिक, होल्डर के बड़े हाथों ने गेंद को इस तरह लपेट लिया था कि वह जमीन के संपर्क में आई ही नहीं.
मैच के इस टर्निंग पॉइंट पर टिप्पणी करते हुए अश्विन ने कहा कि नजरिए का फर्क होना स्वाभाविक है. उन्होंने समझाया कि "अगर आप RCB के प्रशंसक हैं, तो आपको लगेगा कि किस्मत ने साथ नहीं दिया, लेकिन अगर आप गुजरात के समर्थक हैं, तो यह पूरी तरह से आउट था." हालांकि, उन्होंने अपना अंतिम फैसला सुनाते हुए कहा कि एक निष्पक्ष दर्शक के तौर पर देखने पर यह कैच पूरी तरह से साफ और सही था.
पाटीदार का विकेट आरसीबी के लिए एक बड़ा झटका साबित हुआ, खासकर उनकी हालिया फॉर्म और मध्यक्रम में उनकी अहमियत को देखते हुए. कप्तान के आउट होने के बाद, आरसीबी ने सिर्फ 4 ओवरों के अंतराल में तीन और विकेट गंवा दिए.
हालांकि, विकेटों के पतझड़ के बीच, पडिक्कल डटे रहे और संघर्ष जारी रखा. उन्होंने समझदारी से स्ट्राइक रोटेट की और नियमित अंतराल पर चौके-छक्के लगाकर स्कोरबोर्ड को आगे बढ़ाया, लेकिन 14वें ओवर की अंतिम गेंद पर पड्डिकल को राशिद खान ने बोल्ड किया. पड्डिकल 24 गेंदों में 40 रन बनाकर पवेलियन लौटे. उनकी इस पारी में 5 चौके और 2 छक्के शामिल थे. पडिक्कल के शानदार प्रदर्शन के बावजूद, आरसीबी 19.2 ओवर में सिर्फ 155 रन बनाकर ऑल आउट हो गई.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं