विज्ञापन

'30 गेंद में 30 रन चाहिए थे, फिर भी हार गए'... रवि शास्त्री ने बताया कैसे फिसल गया दक्षिण अफ्रीका के हाथ से टी20 विश्व कप

रवि शास्त्री ने 2024 टी20 विश्व कप फाइनल को याद करते हुए दक्षिण अफ्रीका की हार को क्रिकेट इतिहास के सबसे बड़े "चोक" में से एक बताया.

'30 गेंद में 30 रन चाहिए थे, फिर भी हार गए'... रवि शास्त्री ने बताया कैसे फिसल गया दक्षिण अफ्रीका के हाथ से टी20 विश्व कप
रवि शास्त्री ने 2024 टी20 विश्व कप फाइनल को किया याद

भारत के पूर्व कोच और मशहूर कमेंटेटर रवि शास्त्री ने 2024 टी20 विश्व कप फाइनल में दक्षिण अफ्रीका की हार को याद करते हुए कहा कि यह क्रिकेट इतिहास के सबसे बड़े "चोक" में से एक था. उस मैच में एक समय दक्षिण अफ्रीका जीत की ओर बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा था. उसके सामने 30 गेंदों में केवल 30 रन का लक्ष्य था और पांच विकेट भी शेष थे, लेकिन इसके बावजूद टीम मुकाबला हार गई.

शास्त्री ने बताया कि फाइनल के दौरान कुछ देर के लिए खेल रुका था. उस समय वह इयान स्मिथ के साथ कमेंट्री कर रहे थे. हेनरिक क्लासेन भारतीय गेंदबाजों पर लगातार प्रहार कर रहे थे, जबकि डेविड मिलर भी क्रीज पर मौजूद थे. शास्त्री का मानना है कि खेल में आया यह विराम भारत के लिए टर्निंग पॉइंट साबित हुआ.

उन्होंने कहा, "मैंने तभी कहा था कि यह ब्रेक भारत के काम आ सकता है. क्लासेन पूरी तरह मैच पर हावी थे. लेकिन खेल दोबारा शुरू होते ही पहली ही गेंद पर विकेट गिरा और यहीं से मुकाबले का रुख बदल गया." शास्त्री ने बताया कि मैच समाप्त होने के बाद वह कमेंट्री बॉक्स के पीछे गए, जहां दक्षिण अफ्रीका के पूर्व ऑलराउंडर शॉन पोलॉक मौजूद थे. पोलॉक की प्रतिक्रिया उन्हें आज भी याद है.

शास्त्री ने कहा, "मैंने उनकी ओर देखा तो उन्होंने सिर्फ इतना कहा, 'यह सबसे बड़ा चोक है.' दक्षिण अफ्रीका पर पहले से 'चोकर्स' का टैग लगा हुआ था और उस हार ने इस बहस को और बढ़ा दिया."

हालांकि, शास्त्री ने माना कि उन्हें दक्षिण अफ्रीकी टीम के लिए बुरा भी लगा. उनके मुताबिक, यह टीम कई बार बड़े टूर्नामेंटों में जीत के बेहद करीब पहुंचकर चूक चुकी है. उन्होंने कहा कि बाद में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप जीतना दक्षिण अफ्रीका के लिए एक बड़ी राहत साबित हुआ.

शास्त्री ने कहा, "अगर दक्षिण अफ्रीका सामान्य तरीके से हारता तो बात अलग थी. लेकिन 30 गेंदों में 30 रन चाहिए हों, पांच विकेट हाथ में हों और फिर भी मैच हाथ से निकल जाए, तो यह किसी भी टीम और उसके प्रशंसकों के लिए बेहद दर्दनाक होगा."

यह भी पढ़ें | India vs New Zealand 3rd ODI Highlights: बारिश की भेंट चढ़ा तीसरा वनडे, भारत 2-0 की बढ़त के साथ सीरीज में आगे

यह भी पढ़ें | CSK में इस भारतीय स्टार को लाने की चर्चा के बीच हनुमा विहारी की चेतावनी, बोले- बड़ा नुकसान होगा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, South Africa, Ravi Shastri, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com