South Africa vs Afghanistan, Rashid Khan Statement: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी20 विश्व कप 2026 में अब तक का सबसे रोमांचक मुकाबला अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला गया. मैच में दोनों ही टीमें हार मानने को तैयार नहीं थीं. दो सुपर ओवर हुए और दूसरे सुपर ओवर में दक्षिण अफ्रीका ने 4 रन से जीत हासिल की. दूसरे सुपर ओवर में दक्षिण अफ्रीका ने पहले खेलते हुए मिलर के 4 गेंद पर 16 और स्टब्स के 2 गेंद पर 7 रन की मदद से 23 रन बनाए थे. अफगानिस्तान ने शुरुआती 2 गेंदों में रन नहीं बनाए और मोहम्मद नबी का विकेट गंवा दिया. आखिरी 4 गेंदों में जीत के लिए 24 रन चाहिए थे. गुरबाज ने लगातार केशव महाराज को तीन छक्के मारे. एक वाइड गेंद भी आई. आखिरी गेंद पर 5 रन चाहिए थे. गुरबाज इस गेंद को बाउंड्री के बाहर नहीं भेज सके और आउट हो गए. दक्षिण अफ्रीका ने अंतत: 4 रन से मैच जीत लिया. पहले सुपर ओवर में अफगानिस्तान ने 17 रन बनाए थे. इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने भी 17 रन बना दिए जिसके बाद दूसरा सुपर ओवर हुआ. वहीं मैच के बाद मैच के बाद कहा था कि उनके पास मौका था क्योंकि आखिरी गेंद पर सिर्फ 5 रन चाहिए थे.
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में मिली हार के बाद राशिद खान ने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में कहा कि जिस तरह से उन्होंने लक्ष्य का पीछा करना शुरू किया था, वो शानदार था. राशिद खान ने कहा,"लड़कों ने शानदार प्रदर्शन किया, खासकर बल्लेबाजी की शुरुआत के बाद. 10 ओवर में 100 रन, एक विकेट. और फिर उन्हें 190 से कम पर रोकना एक बड़ी उपलब्धि थी. और फिर हमारी बल्लेबाजी की शुरुआत भी कमाल की थी. अंत में हारने वाली टीम का हिस्सा होना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण रहा. लेकिन मुझे लगता है कि हमने मैदान पर अपना पूरा प्रयास किया. बस नतीजे की बात है, हमें सही नतीजा नहीं मिला."
रन चेज को लेकर राशिद ने कहा,"यही हमारी योजना थी. यह विकेट अच्छा है, हमने आईपीएल में इस विकेट पर काफी मैच खेले हैं. औसत स्कोर 190-195 है. टीम के साथ चर्चा हुई थी कि "हां, उन्होंने अच्छी शुरुआत की है, लेकिन हमें आखिरी 10 ओवरों में बेहतरीन गेंदबाजी करके उन्हें 200 से कम स्कोर पर रोकना होगा." और हमने लक्ष्य का पीछा करने का सबसे अच्छा मौका बनाया. हमें लक्ष्य का पीछा करने का बेहतरीन मौका मिला, लेकिन हम हार गए."
गुरबाज अफगानिस्तान के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे. उन्होंने 42 गेंदों में 4 चौके और 7 छक्कों के दम पर 84 रनों की पारी खेली. राशिद ने गुरबाज की बैटिंग को लेकर कहा,"उन्होंने शानदार खेला, खासकर आखिरी सुपर ओवर में - मुझे लगता है उन्होंने तीन छक्के लगाए और फिर आखिरी गेंद पर पांच रन बनाकर मैच खत्म किया, जो बेहद करीबी मुकाबला था."
अफगानिस्तान के पास क्या सुपर ओवर में मौका था, इसको लेकर राशिद खान ने कहा,"हमारे पास मौका था. आखिरी सुपर ओवर में भी, एक गेंद पर 5 रन बन सकते थे, मैच किसी भी तरफ जा सकता था. मुझे लगता है कि हमारे पास मौके थे. बल्लेबाजी करते समय थोड़ा और समझदारी दिखानी चाहिए थी. थोड़ी सी डाइव लगानी चाहिए थी, एक अच्छी गेंद पर मैच खत्म कर देना चाहिए था. लेकिन मुझे लगता है कि हमें यहां से बहुत कुछ सीखना है. हम सिर्फ बेहतर ही होंगे. उम्मीद है कि हम इस सकारात्मक ऊर्जा को बनाए रखेंगे और और भी ज्यादा जोश के साथ वापसी करेंगे."
यह भी पढ़ें: T20 World Cup: मुश्किल में ऑस्ट्रेलिया, कप्तान मिचेल मार्श को 'दर्द और बेचैनी', इस दिग्गज को बुलाया
यह भी पढ़ें: T20 World Cup 2026: पाकिस्तानी चैनल फैला रहा झूठ, राजीव शुक्ला के वीडियो से छेड़छाड़, BCCI उपाध्यक्ष ने की यह अपील
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं