प्रियंका चौधरी के सामने क्लीन बोल्ड हुए रैना, जल्द करेंगे शादी

नई दिल्ली:

अब ये बात जगजाहिर हो चुकी है कि सुरेश रैना वर्ल्ड कप के ठीक बाद शादी करने वाले हैं। वह अपने बचपन की दोस्त प्रियंका चौधरी से शादी कर रहे हैं। वर्ल्ड कप के ठीक बाद इंडियन प्रीमियर लीग के आयोजन को देखते हुए ये शादी 3 अप्रैल को होने की खबर है। तो कौन हैं प्रियंका चौधरी, जिसने भारतीय क्रिकेट के सबसे हैंडसम बैचलरों में शामिल सुरेश रैना को क्लीन बोल्ड कर दिया।
 
प्रियंका चौधरी का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बड़ौत (बागपत) जिले से संबंधित है, लेकिन पिता की नौकरी मुरादनगर में होने की वजह से प्रियंका का परिवार मुरादनगर के आर्डिनेंस फैक्ट्री के बने क्वार्टर में रहता है। यहीं सुरेश रैना का पूरा परिवार भी रह रहा था। दोनों परिवारों के बीच आपसी दोस्ती अब रिश्तेदारी में बदलने जा रही है।
 
प्रियंका वैसे अभी नीदरलैंड में नौकरी कर रही थीं, लेकिन शादी के बाद वह नौकरी छोड़ देंगी। उनका इरादा अपने पति के साथ लंबी साझेदारी निभाने का है, लिहाजा वह इस पारी की ठोस शुरुआत करना चाहती हैं।
 
प्रियंका ने गाजियाबाद स्थित कृष्णा इंस्टीच्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नॉलॉजी से बीटेक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्हें बेंगलुरु में कुछ समय तक आईटी प्रोफेशनल के तौर पर काम किया। विप्रो की नौकरी मिलने के बाद वह कंपनी की नीदरलैंड शाखा में काम करने के लिए चली गईं।
 
प्रियंका के दो बड़े भाई भी आईटी इंजीनियर हैं, ये दोनों इन दिनों अपनी बहन की शादी की तैयारियों में जुटे हैं।
वैसे तो प्रियंका बीटेक इंजीनियर हैं, लेकिन उनकी क्रिकेट में खूब दिलचस्पी है। आखिर रैना के रंग में तो उनको रंगना ही था, लिहाजा वह क्रिकेट मैच देखती भी हैं और उसका विश्लेषण भी करती हैं।

इसके अलावा प्रियंका को पढ़ने में काफी दिलचस्पी है। साहित्य और समाज की किताबों के साथ साथ प्रियंका की संगीत में भी खूब दिलचस्पी है।
 
बहरहाल, अभी तक इसको लेकर कयासों का दौर जारी है कि सुरेश रैना की शादी कहां होगी? माना जा रहा है कि हाईप्रोफाइल शादी गाजियाबाद के नजदीक होने के चलते नई दिल्ली में होगी।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com