यह ख़बर 07 सितंबर, 2012 को प्रकाशित हुई थी

वन-डे रैंकिंग में अश्विन दो पायदान ऊपर, धोनी एक स्थान खिसके

खास बातें

  • अश्विन गेंदबाजों की टॉप-20 लिस्ट में शामिल होने वाले एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं, जबकि बल्लेबाजों की सूची में महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली शामिल हैं।
दुबई:

भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन आईसीसी की ताजा वन-डे रैंकिंग की गेंदबाजी सूची में दो पायदान के फायदे से चौथे स्थान पर पहुंच गए, जबकि कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को एक स्थान का नुकसान हुआ, जिससे वह छठे नंबर पर खिसक गए।

अश्विन गेंदबाजों की टॉप-20 लिस्ट में शामिल होने वाले एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं, जबकि बल्लेबाजों की सूची में भारत के दो खिलाड़ी हैं, जिसमें धोनी के अलावा विराट कोहली दूसरे नंबर पर बरकरार हैं।

भारत का हालांकि टीम सूची में तीसरे नंबर में कोई बदलाव नहीं हुआ है। इसमें इंग्लैंड शीर्ष पर और दक्षिण अफ्रीका दूसरे स्थान पर है। भारत के 120 अंक हैं, जबकि इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के 121 अंक हैं। रेटिंग अंक की दशमलव की गणना में दक्षिण अफ्रीका की टीम इंग्लैंड से केवल 0.09 रेटिंग अंक पीछे है।

इंग्लैंड कम से कम जनवरी, 2013 तक इसी स्थान पर कायम रहेगा। इसी समय वह भारत में पांच मैचों की वन-डे शृंखला खेलने आएगा। पाकिस्तान के ऑफ स्पिनर सईद अजमल ने गेंदबाजों की शीर्ष रैंकिंग से मोहम्मद हफीज को पछाड़ दिया है। अजमल ने हाल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शृंखला में सबसे ज्यादा विकेट चटकाए थे। उन्होंने शृंखला में 9.9 के औसत और 3.41 इकोनॉमी रेट से 10 विकेट झटके थे।

हफीज सूची में दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं, लेकिन वह ऑल राउंडर की रैंकिंग में करियर की सर्वश्रेष्ठ 413 रेटिंग से दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज लोनवाबो सोतसोबे दो शृंखलाओं के शुरू होने से पहले गेंदबाजों की सूची में शीर्ष पर थे, लेकिन अब वह तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं।

रैंकिंग में खिसकने वाले गेंदबाजों में मोर्ने मोर्कल पांचवें (एक पायदान का नुकसान), स्टीवन फिन छठे (एक पायदान का नुकसान), शाहिद आफरीदी 19वें (तीन पायदान का नुकसान), टिम ब्रेसनन 38वें (छह पायदान का नुकसान) और सोहेल तनवीर 56वें (नौ पायदान का नुकसान) स्थान पर पहुंच गए।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने चार स्थान के सुधार से गेंदबाजों की सूची में टॉप-10 में दोबारा प्रवेश किया। स्टेन के साथी रोबिन पीटरसन 12 स्थान के फायदे से करियर की सर्वश्रेष्ठ 29वीं रैंकिंग पर पहुंच गए। दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला इंग्लैंड के खिलाफ शृंखला में 335 रन से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे, जिससे उन्होंने अपने शीर्ष स्थान को मजबूत कर लिया है। उनके बाद कोहली और एबी डिविलियर्स तीसरे स्थान पर हैं।