Cristiano Ronaldo, FIFA World Cup 2026: पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने छठे फीफा वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत बेहद साधारण प्रदर्शन के साथ की है. लियोनेल मेसी, किलियन एम्बाप्पे और एर्लिंग हालैंड जैसे स्टार खिलाड़ियों द्वारा अपने शुरुआती मैचों में गोल दागने के बाद, 41 वर्षीय रोनाल्डो कांगो के खिलाफ खेले गए मुकाबले में नेट भेदने में पूरी तरह नाकाम रहे. रोनाल्डो के इस फीके प्रदर्शन के बीच पुर्तगाल की टीम को कांगो ने 1-1 की बराबरी पर रोक दिया. इस साल के वर्ल्ड कप में जहां विनीसियस जूनियर, क्रिश्चियन पुलिसिक, विक्टर ग्योकेरेस और हैरी केन जैसे खिलाड़ियों ने पहले ही मैच में गोल दागे हैं, वहीं रोनाल्डो का फ्लॉप रहना हर तरफ चर्चा का विषय बना हुआ है.
रोनाल्डो के खेल पर फैंस का फूटा गुस्सा
हालांकि, इस मैच में मैदान पर उतरते ही पुर्तगाल के इस महान खिलाड़ी ने लियोनेल मेसी के साथ मिलकर इतिहास के छह अलग-अलग वर्ल्ड कप खेलने वाले खिलाड़ियों के खास क्लब में अपनी जगह पक्का कर ली, लेकिन अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी द्वारा एक दिन पहले ही दागी गई शानदार हैट्रिक के बाद, रोनाल्डो के पास लगातार छठे टूर्नामेंट में गोल करने वाला दुनिया का पहला खिलाड़ी बनने का एक सुनहरा मौका था, जिसे वह गंवा बैठे. मैच के 68वें और 73वें मिनट में रोनाल्डो को गोल करने के दो बेहतरीन मौके मिले, लेकिन दोनों ही बार उनके शॉट गोलपोस्ट के दाईं ओर से बाहर निकल गए, जिससे वो मैदान पर काफी निराश और गुस्से में नजर आए.
his teammates' reactions say it all pic.twitter.com/siemlqSMYe https://t.co/ElcPsPlTYG
— ♡ (@Bonmatimessi) June 17, 2026
इस साधारण खेल के बाद सोशल मीडिया पर फुटबॉल फैंस ने रोनाल्डो के रवैये की कड़ी आलोचना की. इंटरनेट पर एक यूजर ने रोनाल्डो के खेल पर गुस्सा जाहिर करते हुए लिखा, "क्या रोनाल्डो को पुर्तगाल की कोई परवाह भी है? मैच के दौरान उन्हें दो बार अपने साथी खिलाड़ियों को आसानी से गोल करने के लिए गेंद छोड़ने का मौका मिला था, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया. उन्होंने टीम के एक अच्छे पास को बीच में ही रोक लिया और खुद गोल करने के चक्कर में गेंद को टारगेट से काफी दूर मार दिया."
कोच मार्टिनेज ने किया रोनाल्डो का बचाव
पुर्तगाल टीम के मुख्य कोच रॉबर्टो मार्टिनेज से जब मैच के बाद पत्रकारों ने सवाल किया कि क्या खेल के दौरान उन्होंने रोनाल्डो को मैदान से बाहर बुलाने (सब्सटिट्यूट करने) के बारे में सोचा था, तो कोच ने इस स्टार खिलाड़ी का खुलकर बचाव किया. मार्टिनेज ने कहा, "जब आपकी टीम को मैदान पर गोल की सख्त जरूरत हो, तो दुनिया के सबसे बेहतरीन स्कोरर को बाहर बैठाने का कोई मतलब नहीं बनता है. विरोधी टीम के बॉक्स के अंदर क्रिस्टियानो रोनाल्डो का अनुभव हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण है. इसके साथ ही जिस तरह से वो विपक्षी डिफेंडरों को अपनी ओर खींचकर बाकी खिलाड़ियों के लिए जगह बनाते हैं, वह रणनीति भी टीम के लिए बहुत मायने रखती है."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं