PBKS vs DC IPL 2026, Shreyas Iyer Statement: धर्मशाला में पहले बल्लेबाजी करते बोर्ड पर 210 का स्कोर टांगने के बाद भी पंजाब किंग्स को हार का मुंह देखना पड़ा. इस मैदान पर कभी 200 से अधिक का चेज नहीं हुआ था, लेकिन दिल्ली कैपिटल्स ने सोमवार को इतिहास रचते हुए ना सिर्फ रिकॉर्ड चेज किया बल्कि प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को भी जिंदा रखा. जहां इस जीत से दिल्ली अभी भी नॉकआउट की रेस में बनी हुई है, तो दूसरी तरफ पंजाब किंग्स पर खतरा मंडरा रहा है. उसे लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ा है. वहीं हार के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने गेंदबाजों और फील्डरों पर हार का ठीकरा फोड़ा.
गेंदबाज-फील्डर ने हराया मैच
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 3 विकेट से मिली हार के बाद श्रेयस अय्यर से जब पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में पूछा गया कि टीम से कहां चूक हुई तो उन्होंने कहा,"मैं घुमाफिरा कर बातें नहीं करूंगा. फील्डिंग और बॉलिंग में हमने गलती की."
धर्मशाला कि पिच पर क्या 210 का स्कोर काफी था, इस पर अय्यर ने कहा,"बिल्कुल, मुझे लगता है कि इस विकेट पर 30 रन ज़्यादा थे, यह देखते हुए कि बॉल कैसे सीम कर रही थी और अलग-अलग बाउंस था." इस मैच में चहल को बॉलिंग नहीं मिली, इसको लेकर सरपंच साहब ने कहा,"मेरे दिमाग में बिल्कुल एक बात थी, लेकिन जिस तरह से बॉल सीम कर रही थी और जिस तरह से सीमर्स की मदद कर रही थी, मुझे लगता है कि अगर हमने अपनी लाइन और लेंथ को ठीक से किया होता, तो हम विकेट निकाल सकते थे, लेकिन बदकिस्मती से, हम फिर से ऐसा नहीं कर पाए."
श्रेयस अय्यर ने आगे कहा,"मैं हमेशा कहता हूं कि हार्ड लेंथ - हार्ड लेंथ से छोटी - सबसे अच्छी बॉल होती है, खासकर जब कोई नया बैट्समैन आ रहा हो. इसे हिट करना आसान नहीं है क्योंकि अगर आप उन बॉल्स को रिपीट करते रहते हैं, तो कम से कम एक बॉल मिस-हिट होने का चांस देती है और आपको विकेट मिल सकता है. हम प्लानिंग में पीछे रह गए हैं."
दिल्ली का रिकॉर्ड रन चेज
दिल्ली कैपिटल्स ने सोमवार को इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 55वें मुकाबले में पंजाब किंग्स के खिलाफ 211 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 3 विकेट से जीत हासिल की. यह दिल्ली कैपिटल्स का आईपीएल में दूसरा सबसे सफल रन चेज रहा. पंजाब से मिले लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली ने 33 के स्कोर तक अपने 3 विकेट खो दिए थे. लेकिन फिर ट्रिस्टन स्टब्स और कप्तान अक्षर पटेल ने चौथे विकेट के लिए 23 गेंदों में 41 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला.
ट्रिस्टन स्टब्स 17 गेंदों में 12 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद अक्षर ने डेविड मिलर के साथ पांचवें विकेट के लिए 34 गेंदों में 64 रन जोड़कर टीम को 138 के स्कोर तक पहुंचाया. कप्तान अक्षर 30 गेंदों में 2 छक्कों और 8 चौकों के साथ 56 रन बनाकर आउट हुए. यहां से डेविड मिलर ने मोर्चा संभाला. उन्होंने 28 गेंदों में 4 छक्कों और 3 चौकों के साथ 51 रन बनाए, जबकि आशुतोष ने 10 गेंदों में 24 रन की तूफानी पारी खेली. यह धर्मशाला में पहली बार हुआ, जब कोई टीम आईपीएल में 200 से अधिक के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा कर पाई है. इससे पहले इस मैदान पर सबसे सफल चेज का रिकॉर्ड चेन्नई सुपर किंग्स के नाम था, जिसने 2010 में 193 रन बनाकर मैच अपने नाम किया था.
अय्यर का नाबाद अर्द्धशतक गया बेकार
इससे पहले, टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स ने 5 विकेट खोकर 210 रन बनाए. इस टीम को प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई. दोनों खिलाड़ियों ने 6.5 ओवरों में 78 रन जुटाए. प्रभसिमरन 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि प्रियांश ने 33 गेंदों में 6 छक्कों और 2 चौकों के साथ 56 रन की पारी खेली.
इस टीम ने 97 के स्कोर तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट खो दिए थे, जिसके बाद कूपर कोनोली ने कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ तीसरे विकेट के लिए 52 गेंदों में 83 रन की साझेदारी की. कूपर 27 गेंदों में 38 रन बनाकर आउट हुए. कप्तान श्रेयस 36 गेंदों में 3 छक्कों और 5 चौकों के साथ 59 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि शेडगे ने 8 गेंदों में 21 रन की नाबाद पारी खेली. विपक्षी खेमे से मिचेल स्टार्क और माधव तिवारी ने 2-2 विकेट निकाले. मुकेश कुमार को 1 विकेट हाथ लगा.
यह भी पढ़ें: IPL 2026: RCB स्टार ने मैच के दौरान किया था 'अश्लील इशारा', अब BCCI लिया एक्शन, सुनाई ये सजा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं