जमैकन अंपायर पैट्रिक गस्टर्ड को कौन नहीं जानता है. अपनी शानदार अंपायरिंग के लिए वह पूरी दुनिया में मशहूर हैं. हाल ही में गस्टर्ड ने अपने जीवन के सबसे बड़े राज से पर्दा उठाया है. उन्होंने बताया है कि उनके जीवन का सबसे बड़ा फैसला क्या था. W.I.C.U.A. की तरफ से साझा किए गए वीडियो में जब उनसे पूछा गया कि उनके जीवन का सबसे कठिन फैसला क्या था? जिसके जवाब में उन्होंने कहा, साल 2014 में वह पहली बार इंग्लैंड दौरे पर जाने वाले थे. मगर इंग्लैंड रवाना होने से सिर्फ पांच दिन पहले उन्हें बड़ा झटका लगा. उन्हें अपने पांच साल के बेटे के एक गंभीर और लंबे समय तक चलने वाली बीमारी के बारे में पता चला. जिसे सुनकर वह पूरी तरह से टूट गए. उनके लिए यह जीवन का बेहद मुश्किल दौर था.
गस्टर्ड के अनुसार अगर क्रिकेट के प्रति उनका गहरा प्यार नहीं होता और पत्नी का सहयोग नहीं मिलता तो शायद वह इंग्लैंड दौरे का मौका छोड़ देते. मगर परिवार के समर्थन और क्रिकेट के जुनून ने उन्हें हिम्मत दी और वह आगे बढ़ सके. यही वजह है कि उनके लिए यह फैसला क्रिकेट के मैदान पर लिए गए किसी भी फैसले से सबसे ज्यादा कठिन था.
उन्होंने कहा, '2014 में मैं अपने पहले इंग्लैंड दौरे पर जाने वाला था. रवाना होने से ठीक पांच दिन पहले पता चला कि मेरा बेटा, जो कि उस समय पांच साल का था, एक गंभीर और दीर्घकालिक बीमारी से जूझ रहा है. वह दौर मेरे लिए बेहद कठिन था. अगर क्रिकेट के प्रति मेरा प्यार और जुनून नहीं होता और उसकी मां का साथ व सहयोग नहीं मिला होता, तो मैं वह मौका छोड़ देता.'
पैट्रिक गस्टर्ड का अंपायरिंग सफर
पैट्रिक गस्टर्ड जमैका से आते हैं. जिन्होंने वेस्टइंडीज के लिए लंबे समय तक अंपायरिंग करने के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में भी अमिट छाप छोड़ी. मगर आपको जानकर ताज्जुब होगा कि उन्होंने टेस्ट या पुरुष वनडे मुकाबलों में अंपायरिंग नहीं की है.
गस्टर्ड का रिकॉर्ड
- साल 2020 से 2024 के बीच 22 पुरुष T20 इंटरनेशनल मुकाबलों में ऑन-फील्ड अंपायरिंग की
- 2013 से 2019 के बीच 6 महिला वनडे इंटरनेशनल मुकाबलों में अंपायरिंग की
- 2019 से 2022 के बीच 6 महिला T20 इंटरनेशनल मुकाबलों में अंपायरिंग की
गस्टर्ड कुल मिलाकर 34 इंटरनेशनल मुकाबलों में ऑन-फील्ड अंपायरिंग करने में कामयाब रहे.
यह भी पढ़ें- सफेद जर्सी से विदा ले रहा हूं... मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से लिया संन्यास, भावुक पोस्ट में कही दिल की बात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं