- पाकिस्तान ने नामीबिया के खिलाफ आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 में प्रवेश के लिए 102 रनों से जीत हासिल की.
- साहिबजादा फरहान ने 58 गेंदों में 100 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेलकर पाकिस्तान को मजबूत स्कोर दिलाया.
- नामीबिया की टीम 17.3 ओवरों में 97 रनों पर सिमट गई, जिसमें लौरेन स्टीनकैंप ने सर्वाधिक 23 रन बनाए.
Pakistan vs Namibia Highlights: पाकिस्तान ने जारी आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 में प्रवेश कर लिया है. कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में नामीबिया के खिलाफ करो या मरो के मुकाबले में फरहान के शतक के दम पर पहले पाक ने 199 का विशाल स्कोर खड़ा किया फिर नामीबिया को 97 रनों पर समेट दिया और 102 रनों से बड़ी जीत दर्ज की है. पाकिस्तान के क्वालीफाई करने के साथ ही सुपर-8 की आठों टीमें कंफर्म हो गई है. पाकिस्तान ग्रुप ए से भारत के बाद क्वालीफाई करने वाली दूसरी टीम है. पाकिस्तान की जीत का मतलब है कि अमेरिका, नामीबिया और नीदरलैंड्स का सफर भी समाप्त हो गया है. (स्कोरकार्ड)
सुपर-8 में पाकिस्तानी टीम 21 फरवरी को न्यूजीलैंड के विरुद्ध मुकाबला खेलेगी, जिसके बाद 24 फरवरी को इंग्लैंड से उसकी भिड़ंत होगी. पाकिस्तान सुपर-8 के अपने अंतिम मैच में श्रीलंकाई टीम को चुनौती देगा.
बुधवार को सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम ने 3 विकेट खोकर 199 रन बनाए. इसके जवाब में नामीबियाई टीम 17.3 ओवरों में महज 97 रन पर सिमट गई. नामीबिया की तरफ से लौरेन स्टीनकैंप ने 23 रन का योगदान टीम के खाते में दिया, जबकि अलेक्जेंडर वोल्शेंक ने 20 रन की पारी खेली. इनके अलावा, कोई अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका. पाकिस्तान की तरफ से उस्मान तारिक ने 3.3 ओवरों में 16 रन देकर 4 विकेट निकाले, जबकि शादाब खान ने 3 विकेट हासिल किए. इनके अलावा, सलमान मिर्जा और मोहम्मद नवाज ने 1-1 विकेट अपने नाम किया.
सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फहरान ने 58 गेंदों में 4 छक्कों और 11 चौकों के साथ 100 रन की नाबाद पारी खेली. उन्होंने सईम अयूब के साथ पहले विकेट के लिए 40 रन, जबकि कप्तान सलमान आगा के साथ दूसरे विकेट के लिए 42 गेंदों में 67 रन जोड़े. पाकिस्तानी टीम ने 118 के स्कोर तक अपना तीसरा विकेट गंवा दिया था, जिसके बाद साहिबजादा ने शादाब खान के साथ चौथे विकेट के लिए 40 गेंदों में 81 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया.
एक ओर साहिबजादा ने नाबाद शतकीय पारी खेली, तो दूसरी तरफ कप्तान आगा ने 38 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. इनके अलावा, शादाब ने 22 गेंदों में 36 रन की नाबाद पारी खेली. विपक्षी खेमे से जैक ब्रसेल ने सर्वाधिक 2 विकेट निकाले, जबकि कप्तान गेरहार्ड इरासमस ने 1 विकेट हासिल किया.
इस मुकाबले के साथ सुपर-8 की सभी टीमें तय हो गई हैं. पहले ग्रुप में भारत के अलावा, जिम्बाब्वे, साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज ने स्थान सुनिश्चित किया है, जबकि दूसरे ग्रुप से न्यूजीलैंड के साथ इंग्लैंड, श्रीलंका और पाकिस्तान ने सुपर-8 में जगह बनाई है.
इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतरी थी दोनों टीमें
पाकिस्तान प्लेइंग इलेवन : साहिबज़ादा फ़रहान, सैम अयूब, सलमान आगा (कप्तान), बाबर आज़म, उस्मान खान (विकेट कीपर), ख्वाजा नफ़े, शादाब खान, मोहम्मद नवाज़, फ़हीम अशरफ़, सलमान मिर्ज़ा, उस्मान तारिक
नामीबिया प्लेइंग इलेवन : लोरेन स्टीनकैंप, जान फ्रिलिंक, जान निकोल लोफ्टी-ईटन, गेरहार्ड इरास्मस (कप्तान), अलेक्जेंडर वोल्शेंक, जेजे स्मिट, ज़ेन ग्रीन (विकेट कीपर), रूबेन ट्रम्पेलमैन, विलेम मायबर्ग, बर्नार्ड शोल्ट्ज़, जैक ब्रासेल
ICC Men's T20 World Cup 2026 LIVE Updates: Pakistan vs Namibia LIVE Score Straight from Sinhalese Sports Club, Colombo
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं