विज्ञापन

देसी चिकन, मटन, ड्राई फ्रूट... इमरान खान को जेल के अंदर खाने में क्या मिल रहा? पाकिस्तान सरकार ने SC को बताया

Imran Khan Health Scare: इमरान खान की सेहत के लिए फिक्र जाहिर करते हुए दुनिया के 14 पूर्व कप्तानों ने पाक सरकार को एक खत तक लिख दिया है.

देसी चिकन, मटन, ड्राई फ्रूट... इमरान खान को जेल के अंदर खाने में क्या मिल रहा? पाकिस्तान सरकार ने SC को बताया
Imran Khan Health Scare: इमरान खान के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बनी हुई है
  • पाकिस्तान के पूर्व PM इमरान खान को अदियाला जेल में सात कमरों वाले विशेष जेल परिसर में रखा गया है
  • इमरान खान को प्राकृतिक रोशनी और ताजी हवा के साथ व्यायाम के लिए साइकिल मशीन और जिम उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं
  • उनके खाने-पीने में खजूर, अखरोट, चिकन, मटन, सलाद, तले हुए अंडे और विभिन्न फलों के शेक शामिल हैं
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

क्या पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान पर अदियाला जेल के अंदर जुल्म ढाहा जा रहा है? यह सवाल बार-बार उठ रहे हैं क्योंकि उनके स्वास्थ्य को लेकर ऐसी जानकारी बाहर आ रही हैं, जिसने सबको चौंका दिया है. इमरान खान की पार्टी और उनके समर्थक यह दावा कर रहे हैं कि पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार और वहां के आर्मी चीफ आसिम मुनीर मिलकर इमरान खान को अंधा करने में लगे हैं. पाकिस्तान का विपक्षी गठबंधन इमरान खान के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग करते हुए इस्लामाबाद में 6 दिनों से धरने पर बैठा है. इतना ही नहीं इमरान खान की सेहत के लिए फिक्र जाहिर करते हुए दुनिया के 14 पूर्व कप्तानों ने पाक सरकार को एक खत तक लिख दिया है. ऐसे में जेल में इमरान को दी जा रही सुविधाओं पर एक विस्तृत रिपोर्ट पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट में जमा की गई है.

जियो न्यूज के अनुसार तीन पन्नों की यह रिपोर्ट अदियाला जेल के अधीक्षक ने दायर की है. इसमें इमरान खान के रहने की जगह और उन्हें मिलने वाली सुविधाओं का पूरा ब्यौरा दिया गया है.

7 कमरों वाले जेल कैंपस में रहते हैं इमरान- पाक सरकार

इमरान खान को सात कमरों वाले एक विशेष जेल कंपाउंड में रखा गया है. अदालत में दी गई रिपोर्ट के अनुसार, इमरान खान के जेल परिसर में 57 फीट लंबा और 14 फीट चौड़ा एक गलियारा है. यह परिसर 35/37 नंबर के लॉन के पास स्थित है. इस जगह में 30 से 35 कैदियों को रखा जा सकता है. रिपोर्ट में बताया गया है कि पूर्व प्रधानमंत्री लॉन में समय बिताते हैं, जहां वे धूप में बैठकर किताबें और अखबार पढ़ते हैं. व्यायाम (एक्सरसाइज) के लिए उन्हें साइकिल मशीन और अन्य जिम उपकरण भी उपलब्ध हैं.

उनके खाने-पीने की भी पूरी जानकारी दी गई है. नाश्ते में खजूर, अखरोट, शहद, कॉफी, दलिया, लस्सी, गरम दूध, चिया बीज और अनार का जूस दिया जाता है. दोपहर के भोजन यानी लंच में देसी चिकन, मटन, सलाद, मिक्स अचार, आलू के चिप्स, तले हुए अंडे और अलग-अलग तरह की दालें शामिल हैं. शाम के समय वे बादाम, किशमिश, कद्दूकस किया हुआ नारियल, दूध, खजूर, केले और सेब को शेक के रूप में लेते हैं.

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इमरान खान को पूरे दिन प्राकृतिक रोशनी और ताजी हवा मिलती रहती है. उन्हें सुरक्षित माहौल में रखा गया है और जरूरत के अनुसार सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. 

बता दें कि क्रिकेटर से नेता बने इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में हैं. 73 साल के पूर्व पीएम को कई मामलों में दोषी ठहराया गया है. पिछले हफ्ते इमरान खान के वकील ने सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि जेल में रहने के दौरान उनकी दाईं आंख की रोशनी काफी कम हो गई है. सोमवार को एक मेडिकल बोर्ड ने दावा किया कि इलाज के बाद सूजन कम हो गई है और उनकी नजर में सुधार हुआ है.

यह भी पढ़ें: इमरान खान की आंखों में कितना खून भर गया? पाकिस्तान के 'अंधे' हो रहे पूर्व PM की मेडिकल रिपोर्ट क्या बता रही

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com