उत्तर प्रदेश में कौशांबी के सैनी इलाके में देर रात नेशनल हाईवे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कच्चे तेल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया और उसमें भीषण आग लग गई. दूर से देखने पर हाईवे का दृश्य किसी ज्वालामुखी विस्फोट जैसा दिखाई दे रहा था और चारों तरफ आग की लपटें उठती नजर आ रही थीं.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टैंकर तेज रफ्तार में कई गाड़ियों को ओवरटेक करते हुए आगे बढ़ रहा था. इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और टैंकर हाईवे पर पलट गया. बताया जा रहा है कि टैंकर में कच्चा तेल (मोबिल ऑयल) भरा था, जो सड़क पर फैल गया. लोगों का कहना है कि टैंकर बिजली के खंभे से टकराया, जिससे निकली चिंगारी तेल पर गिर गई और आग भड़क उठी.

लोगों ने बचाई ड्राइवर और खलासी की जान
हादसे के वक्त ड्राइवर और उसका साथी टैंकर में फंस गए थे, लेकिन आसपास मौजूद ट्रक चालकों ने उन्हें बाहर निकाल लिया. दोनों को मामूली चोटें आई हैं और एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया. आग इतनी भयावह थी कि नेशनल हाईवे का एक हिस्सा करीब एक घंटे तक बंद करना पड़ा.

सूचना मिलने पर दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. हालांकि तेल होने की वजह से आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था. धीरे-धीरे पानी का छिड़काव कर आग बुझाई गई. मौके पर मौजूद एक ट्रक चालक ने बताया कि टैंकर तेजी से गाड़ियों को चेंज करते हुए आगे निकला और पलट गया.

घटना के वीडियो और तस्वीरों में हाईवे पर आग ही आग देखा जा सकता है. लोग आग बुझाने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है.रिपोर्ट किए जाने तक हादसे के दौरान कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे थे.
ये भी पढ़ें: राहुल गांधी से भी नहीं माने भूपेन बोरा, 22 फरवरी को ज्वाइन करेंगे BJP, असम CM ने कर दिया ऐलान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं