PAK vs BAN 1st Test: बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले टेस्ट के पांचवें दिन पाकिस्तान के बाएं हाथ के स्पिनर नोमान अली ने इतिहास रचा. नोमान टेस्ट क्रिकेट में 100 विकेट पूरे करने वाले सबसे उम्रदराज गेंदबाज बन गए हैं. हालांकि, नोमान अली अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए, क्योंकि बांग्लादेश ने सीरीज का पहला टेस्ट 104 रनों से अपने नाम किया. पहल पहला मौका है, जब बांग्लादेश टेस्ट में पाकिस्तान को अपने घर पर हराने में सफल हुआ है.
टूटा 130 साल का रिकॉर्ड
नोमान अली ने पारी में 3 विकेट लिए. इस दौरान दूसरे विकेट के रूप में मेहदी हसन मिराज का विकेट लेते ही टेस्ट क्रिकेट में उनके 100 विकेट पूरे हो गए. नोमान ने 39 साल 217 दिन की उम्र में अपने 100 विकेट पूरे किए और टेस्ट क्रिकेट में इस उपलब्धि को हासिल करने वाले सबसे उम्रदराज गेंदबाज बने. इस मामले में नोमान ने इंग्लैंड के बॉबी पील को पीछे छोड़ा. बॉबी ने 1896 में 39 साल 180 दिन की उम्र में 100 विकेट लिए थे. टेस्ट क्रिकेट में 100 विकेट लेने वाले सबसे उम्रदराज गेंदबाजों में इंग्लैंड के रे इलिंगवर्थ (39 वर्ष 30 दिन), ऑस्ट्रेलिया के क्लैरी ग्रिमेट (39 वर्ष 22 दिन) और इंग्लैंड के सिडनी बार्न्स (38 साल 310) का नाम भी शामिल है.
यह मुकाम भी किया हासिल
नोमान पाकिस्तान की तरफ से टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 100 विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में संयुक्त रूप से चौथे नंबर पर आ गए हैं. नोमान ने 22 मैचों में ये उपलब्धि हासिल की है. फजल महमूद ने भी अपने 100 विकेट 22 मैचों में पूरे किए थे. सबसे तेज 100 विकेट लेने वाले पाकिस्तान गेंदबाजों में यासिर शाह पहले नंबर (17 मैच), सईद अजमल दूसरे नंबर (19 मैच) और वकार युनुस तीसरे नंबर (20 मैच) पर हैं.
बांग्लादेश 104 रनों से जीता
टेस्ट मैच पर गौर करें तो बांग्लादेश ने पहली बार पाकिस्तान तो अपने घर पर टेस्ट में हराया. उसने 104 रनों से मुकाबला अपने नाम किया. पाकिस्तान को जीत के लिए 76 ओवरों में 268 रन का लक्ष्य मिला है. इसके जवाब में पाकिस्तानी टीम सिर्फ 163 रनों पर सिमट गई. बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में 413 रन बनाए थे. बांग्लादेश के लिए कप्तान नजमुल हुसैन शान्तो ने पहली पारी में शतक जड़ा था. जबकि मोमिनुल हक ने 91 और मुशफिकुर रहीम ने 71 रनों की पारी खेली थी.
अज़ान अवैस के शतक और अब्दुल्ला फ़ज़ल, सलमान आगा और मोहम्मद रिज़वान ने अर्द्धशतकों के दम पर पाकिस्तान पहली पारी में 386 रन बनाने में सफल हुई. बांग्लादेश ने अपनी दूसरी 9 विकेट पर 240 रन पर घोषित की थी. कप्तान शान्तो ने दूसरी पारी में भी मोर्चा संभाला था और उन्होंने 87 रनों की पारी खेली. जबकि मोमिनुल हक 56 रन बनाने में सफल हुए.
यह भी पढ़ें: IPL 2026: आईपीएल की व्यूअरशिप में 25% गिरावट! पाटा विकेट, इम्पैक्ट रूल...क्यों हो रहा फैंस का 'मोह भंग'
यह भी पढ़ें: IPL 2026: "कई साल हो गए हैं..." टीम इंडिया में कमबैक पर भुवनेश्वर ने दिया चौंकाने वाला बयान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं