विज्ञापन
This Article is From Mar 10, 2018

NIDAHAS TROPHY: रहीम की आतिशी पारी, बांग्लादेश ने श्रीलंका को पांच विकेट से हराया

बूंदाबांदी के कारण टॉस 15 मिनट विलंब से हुआ. श्रीलंका ने धमाकेदार शुरुआत की और मेंडिस ने धनुष्का गुणतिलका(26) के साथ पहले विकेट के लिये 56 रन जोड़े.

NIDAHAS TROPHY: रहीम की आतिशी पारी, बांग्लादेश ने श्रीलंका को पांच विकेट से हराया
बांग्लादेश ने दो गेंद शेष रहते पांच विकेट खोकर जीत दर्ज की
कोलंबो: विकेटकीपर बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम (नाबाद 72 रन) की शानदार पारी की बदौलत बांग्लादेश ने शनिवार रात श्रीलंका को निधास ट्रॉफी टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के मैच में पांच विकेट से हरा दिया. बांग्लादेश ने 215 रन के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करते हुए दो गेंद शेष रहते पांच विकेट खोकर जीत दर्ज की. रहीम के अलावा सलामी बल्लेबाजों तमीम इकबाल ने 47 और लिटोन दास ने 43 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया. मैन ऑफ द मैच रहे रहीम ने 35 गेंदों की अपनी पारी में चार छक्के और और पांच चौके लगाए. इससे पहले कुशल मेंडिस और कुशल परेरा के अर्धशतकों की मदद से श्रीलंका ने बांग्लादेश के खिलाफ छह विकेट पर 214 रन बनाये. प्रेमदासा स्टेडियम पर घरेलू दर्शकों के सामने मेंडिस ने 57 और परेरा ने 74 रन की आक्रामक पारी खेली.

बूंदाबांदी के कारण टॉस 15 मिनट विलंब से हुआ. श्रीलंका ने धमाकेदार शुरुआत की और मेंडिस ने धनुष्का गुणतिलका(26) के साथ पहले विकेट के लिये 56 रन जोड़े. बांग्लादेशी गेंदबाजों ने शॉर्ट गेंदें फेंकी और इसका पूरा फायदा श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने उठाया. पावरप्ले के छह ओवरों में 70 रन बने. मेंडिस ने 30 गेंद में पांच छक्कों और दो चौकों के साथ 57 रन बनाये जबकि परेरा ने आठ चौकों और दो छक्कों की मदद से 48 गेंद में 74 रन जोड़े.

मुस्ताफिजूर रहमान ने गुणतिलका को आउट किया जिस समय स्कोर दस ओवर में एक विकेट पर 98 रन था. कुशल परेरा ने मेहदी हसन को छक्का और चौका लगाकर 11वें ओवर में श्रीलंका को एक विकेट पर 111 रन तक पहुंचाया. मेंडिस ने मुस्ताफिजूर का स्वागत एक छक्के से करके अपना अर्धशतक 26 गेंद में पूरा किया.

दासुन शनाका और दिनेश चांदीमल जल्दी आउट हो गए लेकिन उपुल थरंगा ने 17वें ओवर में दो चौके और एक छक्का लगाकर 17 रन लिये. वह 15 गेंद में 32 रन बनाकर नाबाद रहे. बांग्लादेश के लिये मुस्ताफिजूर ने तीन और महमूदुल्लाह ने दो विकेट लिये.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nidahas Trophy T20 Series, Sri Lanka Vs Bangaldesh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com