कजाकिस्तान की राजधानी अस्ताना में चल रही कुश्ती के वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारतीय पहलवान काजल ढोचक और नीलम सिरोही ने एक साथ 2 सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास कायम कर दिया. 76 किग्रा के फाइनल में 18 साल की काजल ढोचक का मुकाबला यूक्रेन की अनास्तासिया अलपेयेवा से हुआ. दो बार की अंडर-20 वर्ल्ड चैंपियन काजल ने अपने पहले सीनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में ज़बरदस्त फाइट की, लेकिन 6-8 से हार गईं और उन्हें सिल्वर से संतोष करना पड़ा.
दूसरी तरफ 50 किग्रा के फाइनल में 26 साल की नीलम के सामने जापान की चार बार की वर्ल्ड चैंपियन युई सुसाकी थीं. नीलम 0-5 से पीछे थीं और चित्त हो गईं. पेरिस ओलंपिक में भारत की विनेश फोगाट से हार के बाद से ही जापान की 27 साल की वंडर पहलवान युई सुसाकी और खतरनाक हो गईं हैं.
फिर भी वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारतीय पहलवानों ने एक नया इतिहास कायम किया है. क्योंकि, पहली बार एक ही वर्ल्ड चैंपियनशिप में दो भारतीय महिला पहलवान फाइनल में पहुंचीं हैं. इससे पहले 2021 में अंशु मलिक वर्ल्ड चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनी थीं.

Kajal, Photo Credit: NDTV
काजल ने फाइनल तक के सफर में शानदार जज़्बा दिखाया. सेमीफाइनल में वह 1-7 से पीछे थीं, लेकिन किर्गिस्तान की आइपेरी मेडेट किजी को उन्होंने 10-7 से हरा दिया. नीलम ने भी पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन संयम दिखाया और कजाकिस्तान की जेइनेप बयानोवा को 7-3 से हराकर फाइनल में जगह बनाई. वहीं, 65 किग्रा में रजनीता का सफर रेपेचेज में खत्म हो गया. वह जापान की नाना इकेहाता से 2-6 से हार गईं और ब्रॉन्ज मेडल मैच में नहीं पहुंच पाईं. कल यानी 29 अक्टूबर को महिला कुश्ती के आखिरी दिन 55 किग्रा और 59 किग्रा वर्ग के मुकाबले होंगे.
यह भी पढ़ें- WPL 2027 में पहली बार दिखेगा आयरलैंड का दम, गुजरात ने लाखों में खरीदी स्टार ऑलराउंड
यह भी पढ़ें- स्मृति मंधाना की टीम में 4 नए चेहरों की एंट्री, WPL 2027 के लिए RCB की स्क्वॉड तैयार
यह भी पढ़ें- WPL Auction 2027 में सोफी मोलिन्यूक्स के लिए UP Warriorz ने खोला खजाना, बनीं पहली करोड़पति खिलाड़ी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं