आम आदमी पार्टी से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत करने वाले दिग्गज भारतीय गेंदबाज हरभजन सिंह ने पार्टी छोड़ने के करीब एक महीने बाद अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी पर रिश्वत लेने और राज्यसभा सीट 'बेचने' का आरोप लगाया था. जिस पर अब खुद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जवाब दिया है. भगवंत मान सोमवार को एनडीवीटी के नवा पंजाब समिट में शामिल हुए थे.
एनडीटीवी के प्रधान संपादक और सीईओ राहुल कंवल ने पंजाब सीएम से आम आमदी पार्टी राज्यसभा सीट बेचने के लग रहे आरोपों पर सवाल किया था. राहुल कवल ने सवाल किया- भज्जी तो अब खुले में बोल रहे हैं कि पैसे देकर सब राज्यसभा गए? इस सवाल का जवाब देते हुए पंजाब सीएम ने कहा,"भज्जी से पूछ लो कि उनसे कितने पैसे लिए. बाकी भी बता देंगे कि किससे कितने लिए."
बता दें, आम आदमी पार्टी छोड़ने पर सोशल मीडिया पर एक यूजर ने हरभजन सिंह को एक्स पर गद्दार कहा और लिखा,"आप जिन नेता (अरविंद केजरीवाल) को दिन-रात गालियां देते हैं, आपने उनकी दी हुई राज्यसभा सीट से इस्तीफा क्यों नहीं दिया." आप के कई समर्थकों ने सोशल मीडिया पर हरभजन सिंह को ‘ट्रोल' किया और उन्हें 'गद्दार' कहकर संबोधित किया.
ऑनलाइन हमले का जवाब देते हुए सिंह ने 'एक्स' पर हिंदी में लिखा,"जब समय आएगा, आपके हर एक सवाल का जवाब दिया जाएगा. मैंने आपके किसी भी नेता को अपशब्द नहीं कहा; फिर मैं अपनी जुबान क्यों खराब करूं? और जो मुझे गद्दार कह रहे हैं, पहले अपने लोगों से पूछो कि पंजाब की एक राज्यसभा सीट कितने में बेची गई थी."
उन्होंने लिखा,"अगर वे आपको नहीं बता पाए, तो मैं बता दूंगा कि किसे कितना कमीशन मिला और किससे मिला. मैं यह भी उजागर करूंगा कि कैसे कुछ लोगों को सिर्फ पंजाब को लूटने और अवैध धन 'लाला' तक पहुंचाने के लिए मंत्री और अधिकारी बनाया गया. आपने पंजाब को पूरी तरह लूट लिया है और निगल लिया है."
पिछले महीने की 24 तारीख को आम आदमी पार्टी को उस समय बड़ा झटका लगा जब उसके 10 राज्यसभा सदस्यों में से सात ने पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था. इन सांसदों में राघव चड्ढा, अशोक मित्तल, संदीप पाठक, हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रमजीत सहनी और स्वाति मालीवाल शामिल हैं. इन सांसदों ने आरोप लगाया था कि पार्टी अपने सिद्धांतों, मूल्यों और बुनियादी नैतिकता से भटक गई है.
यह भी पढ़ें: 'मुझे हटाया नहीं है' इस सीजन आईपीएल से बाहर चल रहे यश दयाल ने आखिरकार तोड़ी चुप्पी
यह भी पढ़ें: विराट कोहली-ट्रेविस हेड की जंग में पिसे अमेरिकी रैपर ट्रेविस स्कॉट, सोशल मीडिया पर मिली गालियां
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं