- आकाश यादव ने तेजप्रताप यादव और उनके पीए पर घर में जबरन घुसने और धमकी देने का आरोप लगाया है
- आकाश यादव की शिकायत पर पटना के पाटलिपुत्र थाने में FIR दर्ज की गई है
- तेजप्रताप यादव ने आरोपों को मनगढ़ंत बताते हुए और आकाश को कानूनी नोटिस भेजने का दावा किया है
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्रियों लालू यादव और राबड़ी देवी के बेटे तथा जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेजप्रताप यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं. उनके खिलाफ पटना में अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव की शिकायत पर एक FIR हुई है. इसमें तेजप्रताप पर जान से मारने की धमकी देने और घर में जबरन घुसने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं. आकाश यादव ने आरोप लगाया है कि तेजप्रताप यादव और उनके पीए मोती लाल यादव उनके घर में घुस कर धमकाते हैं. आकाश यादव के आरोप के बाद अब तेजप्रताप यादव की प्रतिक्रिया आई है. उन्होंने आरोपों को मनगढ़ंत बताते हुए कहा कि उन्होंने पहले ही आकाश यादव को नोटिस भेज दिया था.
तेजप्रताप यादव ने डाली पोस्ट
तेजप्रताप यादव ने आकाश यादव की शिकायत पर FIR दर्ज होने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबा पोस्ट किया है. आरोपों को झूठा और मनगढ़ंत बताते हुए उन्होंने कहा है कि मेरी छवि को धूमिल किया जा रहा है. पोस्ट में तेजप्रताप ने लिखा है," यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस व्यक्ति को उसके अभद्र, अपमानजनक, धमकीपूर्ण एवं असामाजिक व्यवहार के संबंध में विधिवत कानूनी नोटिस भेजा गया, उसने अपनी गलती स्वीकार करने या खेद व्यक्त करने के बजाय प्रतिशोध की भावना से प्रेरित होकर मेरे विरुद्ध एक झूठी एवं मनगढ़ंत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराने का प्रयास किया है. यह स्पष्ट रूप से मेरी सार्वजनिक छवि, सामाजिक प्रतिष्ठा और वर्षों से अर्जित जनविश्वास को धूमिल करने का एक सुनियोजित प्रयास प्रतीत होता है."
तेजप्रताप ने साथ ही कहा कि इसके जवाब में अब वे भी कानूनी कार्रवाई करेंगे. उन्होंने कहा," मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि न तो मैं किसी प्रकार के दबाव में आने वाला हूं, न ही झूठे आरोपों और दुष्प्रचार से विचलित होने वाला हूं. मेरी प्रतिबद्धता सत्य, न्याय और जनता के विश्वास के प्रति है, और उसकी रक्षा के लिए मैं हर वैधानिक कदम उठाऊंगा."

तेज प्रताप यादव ने वकील का यह मैसेज पोस्ट किया है
Photo Credit: @TejYadav14
15 दिन का अल्टीमेटम
तेजप्रताप यादव ने एक्स पर वॉट्सऐप के एक मैसेज का स्क्रीनशॉट शेयर किया है. इसमें तेजप्रताप की ओर से उनके वकील हिमांशु शर्मा का एक मैसेज है. इसमें आकाश यादव को एक नोटिस भेजा गया है. साथ ही लिखा है कि 15 दिन के अंदर इस संबंध में कार्रवाई करें वरना आगे कानूनी कदम उठाया जाएगा.
तेजप्रताप के खिलाफ कोर्ट के हस्तक्षेप से FIR
दरअसल, आकाश यादव ने 10 जून को तेजप्रताप यादव के खिलाफ पटना के पाटलिपुत्र थाना में एक लिखित शिकायत दी थी. लेकिन पुलिस ने उस समय इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की. पुलिस की हीलाहवाली देखते हुए आकाश यादव ने 17 जून को सीधे पटना सिविल कोर्ट का रूख किया था. कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पाटलिपुत्र थाने को केस रजिस्टर्ड करने के आदेश दिए, जिसके बाद मामला दर्ज हुआ.
यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस व्यक्ति को उसके अभद्र, अपमानजनक, धमकीपूर्ण एवं असामाजिक व्यवहार के संबंध में विधिवत कानूनी नोटिस भेजा गया, उसने अपनी गलती स्वीकार करने या खेद व्यक्त करने के बजाय प्रतिशोध की भावना से प्रेरित होकर मेरे विरुद्ध एक झूठी एवं मनगढ़ंत प्राथमिकी (FIR)… pic.twitter.com/Mlo5O0zysa
— Tej Pratap Yadav (@TejYadav14) June 18, 2026
घर में जबरन घुसने और घरवालों को धमकी देने का लगाया आरोप
आकाश यादव ने तेजप्रताप यादव पर 6 जून को उनके घर में जबरन घुसने और घरवालों को धमकी देने और उनके परिवार के सदस्यों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी. आकाश के मुताबिक, कुछ समय पहले तेजप्रताप यादव के सोशल मीडिया हैंडल से उनकी बहन अनुष्का यादव के साथ तेज प्रताप के प्रेम संबंधों को लेकर एक पोस्ट शेयर की गई थी, जिसके बाद से ही विवाद चल रहा है. आकाश के अनुसार, तेजप्रताप यादव उनकी भांजी यानी अनुष्का यादव की बेटी से मिलना चाहते थे और इसी सिलसिले में दबाव बनाया जा रहा था.
लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम से भी मिली धमकी
तेज प्रताप पर आरोप के अलावा आकाश ने उनके सहयोगी मोतीलाल पर भी उन्हें फोन पर धमकाने का आरोप लगाया. इसके अलावा उन्होंने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के जरिए उन्हें धमकी देने की बात भी कही है. उन्होंने बताया किसी मोहित नाम के व्यक्ति ने उन्हें व्हाट्सअप पर उन्हें धमकाया है. इन सभी के चलते उन्होंने पहले पुलिस थाने में और बाद में कोर्ट में अपनी और परिवार की सुरक्षा के लिए गुहार लगाई . साथ ही इन सभी मामलों से संबंधित व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट्स और वॉयस नोट्स को सबूत के तौर पर पुलिस और अदालत को सौंप दिया है जिसके बाद से पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
ये भी पढ़ें-: पटना में 2 IAS अफसरों के घर रेड, टेंडर के बदले महंगे गिफ्ट और विदेश में ली मौज, चैट में खुले राज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं