विज्ञापन

मुंबई इंडियंस ने काइरन पोलार्ड को सौंपी कमान, IPL 2027 से पहले बनाया हेड कोच

पोलार्ड मुंबई इंडियंस के सबसे सफल खिलाड़ियों में गिने जाते हैं और अब टीम की कोचिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.

मुंबई इंडियंस ने काइरन पोलार्ड को सौंपी कमान, IPL 2027 से पहले बनाया हेड कोच
काइरन पोलार्ड बने मुंबई इंडियंस के नए हेड कोच

आईपीएल 2027 के पहले मुंबई इंडियंस ने वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज काइरन पोलार्ड को टीम का हेड कोच नियुक्त किया है. पोलार्ड इससे पहले फ्रेंचाइजी के साथ बतौर बैटिंग कोच जुड़े हुए थे और वो अब हेड कोच के तौर पर पूर्व श्रीलंकाई दिग्गज महेला जयवर्धने की जगह लेंगे. साल 2022 में आईपीएल से रिटायरमेंट लेने से पहले पोलार्ड  12 साल तक मुंबई इंडियंस की जर्सी में एक्शन में दिखे थे. संन्यास लेने का बाद वह फ्रेंचाइजी के साथ ही जुड़े रहे.

मुंबई इंडियंस ने पोलार्ड के हेच कोच बनने पर इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा,"मुंबई की सफलता में अहम भूमिका निभाने वाले काइरन पोलार्ड का 16 साल का शानदार सफर अब एक नए अध्याय में प्रवेश कर रहा है. उनकी अगुवाई में मुंबई इंडियंस के सबसे सफल सालों का अनुभव शामिल होगा, साथ ही टीम के अगले अध्याय को संवारने का जज्बा भी होगा."

आईपीएल डेब्यू से हेड कोच तक

पोलार्ड का मुंबई इंडियंस के साथ नाता 2010 से है, जब इस फ्रेंचाइजी ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया था. पोलार्ड ने मुंबई इंडियंस के साथ ही अपने आईपीएल सफर की शुरुआत की थी और वो लीग से संन्यास लेने तक इस फ्रेंचाइजी के लिए ही खेलते रहे. पोलार्ड ने मुंबई इंडियंस को 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में पांच बार लीग खिताब जिताने में मदद की. 

मुंबई इंडियंस का हेड कोच बनने पर पोलार्ड ने कहा,"मुंबई इंडियंस के हेड कोच की जिम्मेदारी संभालना मेरे लिए सम्मान की बात है. मुंबई मेरे जीवन और करियर का एक बहुत बड़ा हिस्सा रहा है. इस टीम, खिलाड़ियों और 'पलटन' के साथ मेरा जो जुड़ाव है, वह मेरे लिए बहुत मायने रखता है. एक खिलाड़ी और फिर एक कोच के तौर पर इस सफर को जीने के बाद, मैं समझता हूं कि मुंबई इंडियंस का क्या मतलब है और 'ब्लू एंड गोल्ड' का प्रतिनिधित्व करने के साथ कितनी बड़ी जिम्मेदारी आती है."

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mumbai Indians, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com