विज्ञापन
This Article is From Aug 31, 2015

पढ़ें, धोनी ने अमेरिका में प्रवासी भारतीयों से टीम इंडिया के बारे में क्या कहा

पढ़ें, धोनी ने अमेरिका में प्रवासी भारतीयों से टीम इंडिया के बारे में क्या कहा
पत्नी साक्षी के साथ एमएस धोनी का फाइल फोटो (सौजन्य : Facebook)
टोम्स रिवर, न्यूजर्सी: भारतीय वनडे कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने न्यूजर्सी में प्रवासी भारतीयों से बातचीत की और उन्हें बदलाव के दौर से गुजर रही भारतीय क्रिकेट टीम का समर्थन जारी रखने को कहा। उन्होंने यहां के मंदिर में पूजा भी की। धोनी ने कहा कि यहां की यात्रा उनके लिए नया अनुभव रहा कि कैसे प्रवासी भारतीयों ने अमेरिकी संस्कृति को आत्मसात करके भी भारतीय संस्कृति का दामन नहीं छोड़ा है।

सार्वजनिक समारोहों से आम तौर पर दूर रहने वाले धोनी ने यहां सिद्धिविनायक मंदिर में कहा, 'हमारा समर्थन करते रहें। हमारे पास अच्छी टीम है। हमारी टीम बदलाव के दौर से गुजर रही है, लेकिन आप सभी की हौसलाअफजाई से हम अच्छा प्रदर्शन करते रहेंगे।'

धोनी के साथ उनकी पत्नी साक्षी और झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने भीम मंदिर में पूजा की। मंदिर अभी निर्माणाधीन है और इस साल के आखिर में लोगों के लिए खुलेगा ।

धोनी ने कहा कि अमेरिका में इस तरह की उनकी पहली यात्रा है। उन्होंने कहा कि वह जब भी अमेरिका आते हैं तो सार्वजनिक समारोहों में भाग नहीं लेते और परिवार के साथ ही वक्त बिताते हैं।

उन्होंने कहा, 'मैं कई जगह घूमा हूं। जिनमें अधिकांशतः इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया जैसे क्रिकेट खेलने वाले देश हैं। अमेरिका की यह यात्रा अलग थी।'

धोनी ने कहा, 'यह काबिले तारीफ है। बरसों पहले अमेरिका में आकर बस जाने के बाद भी ये दो सौ फीसदी भारतीय हैं लेकिन उसके बावजूद अमेरिकी परंपराओं को समझते हैं और उसका सम्मान करते हैं। यह सभी को सीखना चाहिए।'

धोनी ने पहली और दूसरी पीढ़ी के भारतीय अमेरिकियों की भी अपने बच्चों को जीवन के विभिन्न पहलुओं से रूबरू कराने के लिए तारीफ की।

दो घंटे के इस कार्यक्रम में बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी । इसमें करीब 150 . 200 लोगों ने भाग लिया । धोनी और उनकी पत्नी को अमेरिका के श्री सिद्धिविनायक मंदिर के अध्यक्ष अविनाश गुप्ता ने स्मृति चिन्ह भी प्रदान किए।

उन्होंने मीडिया से बात नहीं की और गर्मजोशी से स्वागत के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि मंदिर में आना उनके लिए सम्मान की बात थी। उन्होंने कहा कि अमेरिका में क्रिकेट इतना लोकप्रिय नहीं है और जिन्हें इसके बारे में नहीं पता, उन्हें वे बताते हैं कि यह बेसबाल जैसा है।

अपने शहर रांची के बारे में बताते हुए उन्होंने 2004 की एक घटना का जिक्र किया जब उन्होंने क्रिकेट में पदार्पण किया था। उन्होंने बताया कि भारत से बाहर दौरे पर एक व्यक्ति ने रांची को कराची समझ लिया और तब उन्हें बताना पड़ा कि रांची भारत का ऐसा शहर है जहां प्रचुर मात्रा में खनिज पाया जाता है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
एमएस धोनी, क्रिकेट, न्यूजर्सी, अमेरिका, साक्षी धोनी, अमेरिका में धोनी, MS Dhoni, Cricket, New Jersey, America, Sakshi Dhoni, Dhoni In America
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com