विज्ञापन
This Article is From Nov 01, 2012

रणजी मैच नहीं खेलने वाले धोनी इकलौते स्टार क्रिकेटर

रणजी मैच नहीं खेलने वाले धोनी इकलौते स्टार क्रिकेटर
नई दिल्ली: भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ 15 नवंबर से अहमदाबाद में पहला क्रिकेट टेस्ट खेलेगी, लेकिन घरेलू टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ही एकमात्र खिलाड़ी हैं, जो अपने अन्य साथियों के विपरीत रणजी ट्रॉफी के शुरुआती राउंड के मैच में नहीं खेलेंगे।

रणजी ट्रॉफी का पहला राउंड विभिन्न केंद्रों में 2 से 5 नवंबर तक खेला जाएगा, लेकिन पिछले पांच साल में राज्य की टीम के लिए नहीं खेलने वाले भारतीय कप्तान ने श्रीनगर में झारखंड और जम्मू-कश्मीर के बीच शुरुआती मैच में नहीं खेलने का फैसला किया है। धोनी ने कहा, पिछले छह या सात साल से मैं लगतार भारत की ओर से खेल रहा हूं और इस बार स्थानीय संघ ने मुझसे पूछा कि क्या मैं फिट हूं या नहीं। मैंने कहा कि मुझे जुकाम है और मेरे चयन पर विचार नहीं करें।

मौजूदा भारतीय खिलाड़ी जैसे गौतम गंभीर, वीरेंद्र सहवाग, इशांत शर्मा और विराट कोहली तथा सुरेश रैना गाजियाबाद में दिल्ली बनाम उत्तर प्रदेश के बीच होने वाले रणजी मैच में खेल रहे हैं। सचिन तेंदुलकर और जहीर खान मुंबई की ओर से रेलवे के खिलाफ मुकाबले में खेल रहे हैं, जबकि हरभजन सिंह, युवराज सिंह और प्रज्ञान ओझा हैदराबाद और पंजाब के बीच होने वाले मुकाबले में खेलने के लिए तैयार हैं।

आर अश्विन ओडिशा में तमिलनाडु के लिए खेलेंगे। चेतेश्वर पुजारा गुजरात के खिलाफ सौराष्ट्र के लिए खेलेंगे, जबकि उमेश यादव को रोहतक में हरियणा के खिलाफ विदर्भ टीम के लिए खेलना है। रणजी ट्रॉफी के शुरुआती राउंड में खेलने वाले मुख्य स्टार खिलाड़ी और टेस्ट उम्मीदवार खिलाड़ी इस प्रकार हैं।

मुंबई बनाम रेलवे : सचिन तेंदुलकर, जहीर खान, रोहित शर्मा, अजिंक्य रहाणे।

दिल्ली बनाम उत्तर प्रदेश : सहवाग, गंभीर, इशांत, कोहली, रैना।

तमिलनाडु बनाम ओडिशा : अश्विन, मुकुंद और विजय।

सौराष्ट्र बनाम गुजरात : चेतेश्वर पुजारा।

पंजाब बनाम हैदराबाद : हरभजन, युवराज, प्रज्ञान ओझा, राहुल शर्मा।

विदर्भ बनाम हरियाणा : उमेश यादव, अमित मिश्रा।

बंगाल बनाम राजस्थान : मनोज तिवारी, अशोक डिंडा।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ranji Trophy, रणजी ट्रॉफी, महेंद्र सिंह धोनी, MS Dhoni
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com