यह ख़बर 14 जुलाई, 2013 को प्रकाशित हुई थी

धोनी भारत के महान वन-डे कप्तानों में से एक : सौरव गांगुली

खास बातें

  • पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने कहा, मैंने कई वन-डे खिलाड़ियों को देखा है, कई के साथ खेला हूं, लेकिन बल्लेबाजी, विकेटकीपिंग और कप्तानी के शानदार पैकेज के रूप में धोनी भारत के लिए उत्कृष्ट रहे हैं।
कोलकाता:

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने कहा है कि उनकी और मौजूदा कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की सफलताओं ने कम चर्चित रहे पूर्वी क्षेत्र को भारत के क्रिकेट मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिला दिया है।

पश्चिम बंगाल के बाएं हाथ के महान खिलाड़ी सौरव गांगुली भारत के सबसे सफल कप्तान हुआ करते थे, लेकिन पिछले कुछ समय में महेंद्र सिंह धोनी ने सभी विश्व खिताब जीतकर उन्हें पीछे छोड़ दिया है। गांगुली ने कहा कि यह सचमुच प्रशंसनीय है।

महेंद्र सिंह धोनी से खुद की तुलना से इनकार करते हुए सौरव गांगुली ने कहा, हम दोनों पूर्वी क्षेत्र से आए हैं, जिससे ये हिस्से भी चर्चा में आ गए हैं। यह सचमुच शानदार लगता है कि हम दोनों एक ही क्षेत्र से हैं। गांगुली ने धोनी के टिकट कलेक्टर से इस मुकाम तक पहुंचने की प्रशंसा करते हुए कहा, मैंने इस तरह का जबरदस्त विकास नहीं देखा। यह सचमुच प्रेरणादायी है। मैंने कई वन-डे खिलाड़ियों को देखा है, कई के साथ खेला हूं, लेकिन बल्लेबाजी, विकेटकीपिंग और कप्तानी के शानदार पैकेज के रूप में धोनी भारत के लिए उत्कृष्ट रहे हैं।

उन्होंने कहा, वह निश्चित रूप से क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ फिनिशरों में से एक हैं। महेंद्र सिंह धोनी में मैच फिनिश करने की लाजवाब काबिलियत है। सौरव गांगुली ने श्रीलंका के खिलाफ त्रिकोणीय शृंखला के फाइनल में भारत को खिताब दिलाने में धोनी की नाबाद पारी की तारीफ करते हुए कहा, फाइनल में उन्होंने जिस तरह का संयम और जज्बा दिखाया, वह शानदार था।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पिछले महीने भारत ने चैंपियन्स ट्रॉफी जीती थी, जिसका मतलब है कि महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी कप्तानी में सभी विश्व खिताब दिला दिए हैं और सौरव गांगुली ने दोहराया कि धोनी सर्वकालिक महान भारतीय कप्तानों में से एक हैं। गांगुली ने कहा, जहां तक वन-डे क्रिकेट का संबंध है, तो धोनी भारत के सर्वकालिक महान कप्तानों में से एक हैं।