गौतम गंभीर ने जुलाई 2024 में भारतीय क्रिकेट टीम के कोच का पद संभाला. अपने दो साल के कार्यकाल में गंभीर ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025, 2026 T20 वर्ल्ड कप और एशिया कप 2025 जीता. हालांकि, उनके कार्यकाल में घरेलू मैदान पर दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में हार भी मिली. भारत बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी भी हार गया. उनके कार्यकाल में रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास भी लिया. T20I में भी, भारत को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ लगातार दो सीरीज में हार का सामना करना पड़ा. इस बीच जब मोहम्मद कैफ और जहीर खान से गंभीर के कोच के तौर पर कार्यकाल के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कुछ चौंकाने वाली बातें कहीं.
कैफ ने क्रिकबज पर बातचीत के दौरान कहा कि, "मैं नंबर काटूंगा. मैं उन्हें (गंभीर) 10 में से 4 रेटिंग दूंगा. आप ट्रांसपेरेंसी की बात कर रहे हैं, है ना? विराट कोहली और गौतम गंभीर के बारे में बहुत बातें हो रही हैं. स्थिति साफ नहीं है. यह स्पष्ट नहीं है कि वे बात कर रहे हैं या नहीं. आप देख सकते हैं कि वह शुभमन गिल और रोहित शर्मा से बात कर रहे हैं. अगर कोई समस्या है तो खिलाड़ी से बात करना और सभी को एक राय पर रखना कोच की जिम्मेदारी है."
सीनियर खिलाड़ियों से बातचीत जरूरी
उन्होंने आगे कहा कि, "जीत-हार तो होती रहती है, लेकिन बातचीत जरूरी है. अगर किसी खिलाड़ी को टीम से बाहर किया जाता है, तो उसके पीछे की वजह साफ होनी चाहिए. अगर विराट कोहली और गौतम गंभीर साथ मिलकर काम नहीं कर रहे हैं, तो यह हमारे लिए अच्छी खबर नहीं है. अगर वे एक राय पर नहीं हैं, तो यह भारतीय क्रिकेट के फैंस के लिए बुरी खबर है."
उन्होंने कहा कि, "हम 2027 वर्ल्ड कप की बात कर रहे हैं. आपको सीनियर खिलाड़ियों के सपोर्ट की जरूरत है. कोच को सीनियर खिलाड़ियों से बात करनी चाहिए. जब हम जॉन राइट के अंडर खेले थे, तब चीजें ट्रांसपेरेंट थीं. मैं इसी वजह से नंबर काट रहा हूं. उनके पास इस टीम के साथ और भी बहुत कुछ करने का मौका था."
जहीर ने गंभीर को दिए 6 नबंर
गंभीर को लेकर जहीर ने कहा कि, "उनकी कप्तानी में हमने T20 वर्ल्ड कप जीता है. उनकी कामयाबियां भी रही हैं. मैं उन्हें 6 नंबर दूंगा. जहां तक सुधार, पारदर्शिता और बातचीत की बात है, तो इस पर अभी काम चल रहा है. आप इसे एक चिंता का विषय कह सकते हैं. जब भी आप भारतीय क्रिकेट की बात करते हैं, तो एक चीज जो आपको दिखेगी, वह है टैलेंट और काबिलियत."
उन्होंने कहा कि, "आपके पास सब कुछ है. अब उनका इस्तेमाल कैसे करना है और उनसे सबसे अच्छा नतीजा कैसे निकालना है, यह आप पर निर्भर करता है." हाल ही में एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत और इंग्लैंड के बीच पहले वनडे से पहले गंभीर और कोहली के बीच कोई बातचीत नहीं हुई, जबकि भारतीय कोच टीम के बाकी सदस्यों के साथ काफी समय बिता रहे थे."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं