Mohammad Kaif Prediction on Kuldeep Yadav: भारतीय क्रिकेट टीम ने गाले में खेले गए टेस्ट मैच में श्रीलंका को 165 रन से हरा दिया. सीरीज का दूसरा और आखिरी मैच 23 अगस्त को कोलंबो में शुरू होगा. पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने अगले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन में कुलदीप यादव के खेलने पर संशय जताया है. कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "मुझे कुलदीप यादव की चिंता है. हो सकता है कि वह अगला मैच न खेले. ऐसा भी हो सकता है. जब भी उसे गेंदबाजी दी गई, तो लंबे की जगह छोटे स्पेल दिए गए.
सारांश जैन एक ऑफ-स्पिनर है. पडिक्कल बॉलिंग करने क्यों आया? ऐसा इसलिए था क्योंकि बीच में ऑफ-स्पिनर की कमी दिख रही थी. ऐसे में मुझे लगता है कि कुलदीप अगले टेस्ट में अपनी जगह खो सकते हैं."
कुलदीप यादव ने गाले टेस्ट में श्रीलंका की पहली पारी में मात्र 14 ओवर गेंदबाजी की और 65 रन देकर 1 विकेट लिए. वहीं, दूसरी पारी में 11 ओवर में बिना कोई विकेट लिए 38 रन दिए. वहीं बाएं हाथ के दो अन्य स्पिन गेंदबाजों युवा मानव सुथार ने दोनों पारियों को मिलाकर 45.2 ओवर गेंदबाजी की और 10 विकेट लिए. रवींद्र जडेजा ने दोनों पारियों को मिलाकर 44 ओवर फेंके और 4 विकेट लिए. ऐसे में सुथार और जडेजा की मौजूदगी में कुलदीप अगले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन में अपनी जगह बचा पाते हैं, या उनकी जगह किसी अन्य खिलाड़ी को मौका दिया जाएगा, टीम मैनेजमेंट के इस फैसले पर नजर रहेगी.
कुलदीप लंबे समय से टेस्ट स्क्वॉड का हिस्सा रहे हैं, लेकिन उन्हें नियमित रूप से कभी मौका नहीं मिला. इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भी उन्हें मौका नहीं मिला था. मानव सुथार के आने के बाद उनके लिए मुश्किल और बढ़ी है. 2017 में टेस्ट डेब्यू करने वाले कुलदीप यादव ने अब तक खेले सिर्फ 19 टेस्ट मैचों में 80 विकेट लिए हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं