मानव सुथार ने बुधवार (19 अगस्त) को श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्ट में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया. राजस्थान के 24 वर्षीय स्पिनर ने अपने पहले होम और अवे टेस्ट में पांच विकेट लेने की खास उपलब्धि हासिल की. वह ऐसा करने वाले भारत के सिर्फ दूसरे क्रिकेटर और पहले स्पिनर बन गए हैं. उनसे पहले यह कारनामा मोहम्मद निसार ने किया था.
पहली पारी में 33 रन देकर 6 विकेट झटके
मानव सुथार ने 6 जून 2026 को अफगानिस्तान के खिलाफ मुल्लांपुर में टेस्ट डेब्यू किया था. अपने डेब्यू टेस्ट की पहली पारी में उन्होंने 33 रन देकर 6 विकेट झटके थे. इसके बाद श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले गए अपने पहले विदेशी टेस्ट में भी उन्होंने गेंद से कमाल किया.
पहले होम और अवे टेस्ट में 5 विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय
सुथार ने गॉल टेस्ट की पहली पारी में 76 रन देकर 4 विकेट लिए. इसके बाद दूसरी पारी में उन्होंने सिर्फ 55 रन देकर 6 श्रीलंकाई बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया. इस तरह उन्होंने मैच में कुल 10 विकेट अपने नाम किए. इस प्रदर्शन के साथ सुथार भारत के लिए अपने पहले घरेलू और विदेशी टेस्ट दोनों में पांच विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज बन गए. उनसे 94 साल पहले मोहम्मद निसार ने यह उपलब्धि हासिल की थी.
निसार ने इंग्लैंड के खिलाफ झटके थे पांच विकेट
निसार ने 25 जून 1932 को लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ अपने टेस्ट डेब्यू में पहली पारी में 93 रन देकर 5 विकेट लिए थे. इसके बाद दिसंबर 1933 में मुंबई में इंग्लैंड के खिलाफ अपने पहले घरेलू टेस्ट में उन्होंने 90 रन देकर 5 विकेट झटके थे.
गॉल में 10 विकेट लेकर हरभजन का रिकॉर्ड तोड़ा
मानव सुथार ने गॉल टेस्ट में कुल 10 विकेट लेकर एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया. वह अब श्रीलंका में किसी टेस्ट मैच में भारत की ओर से सबसे शानदार गेंदबाजी करने वाले गेंदबाज बन गए हैं. सुथार ने 45.2 ओवर में 131 रन देकर 10 विकेट लिए. उन्होंने हरभजन सिंह का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2008 में गॉल टेस्ट में 153 रन देकर 10 विकेट लिए थे. श्रीलंका में भारत के लिए एक टेस्ट मैच में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में सुथार और हरभजन के बाद रविचंद्रन अश्विन का नाम आता है. अश्विन ने 2015 में गॉल में 160 रन देकर 10 विकेट लिए थे.
श्रीलंका में 6 विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय
सुथार ने गॉल टेस्ट की दूसरी पारी में 6 विकेट लेकर भी खास क्लब में जगह बनाई. वह श्रीलंका में टेस्ट की एक पारी में 6 विकेट लेने वाले सिर्फ तीसरे भारतीय गेंदबाज हैं. उनसे पहले हरभजन सिंह और रविचंद्रन अश्विन यह कारनामा कर चुके हैं. अश्विन ने 2015 में गॉल में 46 रन देकर 6 विकेट लिए थे, जबकि हरभजन ने 2008 में इसी मैदान पर 102 रन देकर 6 विकेट झटके थे.
24 साल की उम्र में 10 विकेट का कारनामा
सुथार ने गॉल टेस्ट में कुल 10 विकेट लेकर एक और उपलब्धि हासिल की. वह टेस्ट मैच में 10 विकेट लेने वाले सबसे युवा भारतीय गेंदबाज बन गए हैं. इस तरह अपने टेस्ट करियर की शुरुआत में ही सुथार ने कई बड़ी उपलब्धियां अपने नाम कर ली हैं. पहले घरेलू और विदेशी टेस्ट में पांच विकेट, श्रीलंका में एक पारी में 6 विकेट और एक टेस्ट में 10 विकेट- गॉल में उनके प्रदर्शन ने उन्हें भारतीय क्रिकेट के रिकॉर्ड बुक में खास जगह दिला दी है. श्रीलंका में किसी विदेशी गेंदबाज के सर्वश्रेष्ठ टेस्ट प्रदर्शन का रिकॉर्ड हालांकि दक्षिण अफ्रीका के केशव महाराज के नाम है. महाराज ने जुलाई 2018 में कोलंबो के सिन्हलीज स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए टेस्ट में 283 रन देकर 12 विकेट लिए थे.
ये भी पढ़ें- 43 दिन, 3 टीमें और कई बड़े मुकाबले, पाकिस्तान ने जारी किया इंग्लैंड-श्रीलंका सीरीज का शेड्यूल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं