इकाना स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच आईपीएल 2026 का 50वां मुकाबला खेला जाना है और इस मुकाबले में विराट कोहली के निशाने पर एक मेगा रिकॉर्ड होगा, जो उनसे पहले कोई भारतीय बल्लेबाज नहीं कर पाया है. मौजूदा सीजन में जबरदस्त फॉर्म में चल रहे किंग कोहली 14 हजार टी20 रनों के मुहाने पर खड़े हैं. अगर गुरुवार को वह 78 रन बना लेते हैं तो ऐसा करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे. बता दें, टी20 इतिहास में सिर्फ पांच खिलाड़ी ही इस आंकड़े को छू पाएं हैं और कोहली इस क्लब में शामिल होने वाले छठे खिलाड़ी होंगे.
विराट कोहली ने टी20 में 423 मैचों की 406 पारियों में 13922 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका औसत 42.18 का रहा, जबकि स्ट्राइक रेट 135.36 का है. कोहली के नाम इस फॉर्मेट में 9 शतक और 108 अर्द्धशतक है. टी20 क्रिकेट में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की फेहरिस्त में क्रिस गेल (14,562 रन) टॉप पर हैं. जबकि कीरोन पोलार्ड (14,482) और एलेक्स हेल्स (14,449) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं. डेविड वॉर्नर चौथे (14,284) और जोस बटलर (14,180) पांचवें पर है. उसके बाद विराट कोहली का नाम है.
एंकर रोल से एग्रेसन तक
साल 2024 के बाद से विराट के स्ट्राइक रेट में जबरदस्त बदलाव आया है. जहां 2008 से 2018 के बीच उन्होंने 155 पारियों में 131 की स्ट्राइक रेट और 38.4 की औसत से रन बनाए तो 2019-2023 के बीच उन्होंने 74 पारियों में 35.1 की औसत और 128 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं. लेकिन 2024 के बाद से उन्होंने 39 पारियों में 57.3 की औसत और 153 की स्ट्राइक रेट से बना बनाए हैं. कोहली के स्ट्राइक रेट में आया बदलाव दिखाता है कि वह अब सिर्फ एंकर रोल नहीं बल्कि एग्रेसिव अप्रोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं.
मौजूदा सीजन की बात करें तो तीन पारियों को छोड़ दें तो बाकी मैचों में उनका स्ट्राइक रेट 150 से ऊपर का रहा. ये तीन वो मैच थे, जिसमें वह पूरी तरह फिट नहीं थे, लेकिन फिर भी खेले थे. बीते 3 सीजन में पावरप्ले में भी कोहली ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है. आईपीएल 2026 में उन्होंने हर बाउंड्री के लिए 3.7 गेंद ली है, जबकि 2025 में वह चौथी गेंद पर बाउंड्री लगा रहे थे और 2024 में हर 4.1 गेंद बाद. 2024 में कोहली का पावरप्ले में स्ट्राइक रेट जहां 161 तो 2026 में यह 167 का है.
लखनऊ के खिलाफ रिकॉर्ड
बात अगर कोहली का लखनऊ के खिलाफ रिकॉर्ड की करें तो उन्होंने 7 पारियों में 242 रन बनाए हैं. औसत 34.6 का और स्ट्राइक रेट 135. कोहली ने लखनऊ के खिलाफ दो अर्द्धशतक लगाए हैं. आखिरी बार जब कोहली इकाना में खेले थे तो उनके बल्ले से अर्द्धशतक आया था. वहीं इस मैच में कोहली एक और खास उपलब्धी हासिल कर सकते हैं. अगर वह दो छक्के लगाते हैं तो टी20 में भारत में 350 छक्के लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज होंगे. उनसे आगे रोहित शर्मा और क्रिस गेल हैं.
यह भी पढ़ें: IPL 2026 Points Table: जीत के साथ हैदराबाद नंबर-1, पंजाब से छीना ताज, ऐसा है प्लेऑफ का समीकरण
यह भी पढ़ें: RCB vs MI IPL 2026: रोहित शर्मा फिर बनेंगे कप्तान? नई समस्या में घिरी मुंबई इंडियंस, रिपोर्ट में हुआ बड़ा दावा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं