Vaibhav Suryavanshi IPL 2026: आईपीएल 2026 में अगर किसी एक नाम ने क्रिकेट जगत में खलबली मचाई है, तो वह है 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी. राजस्थान रॉयल्स के लिए ओपनिंग करते हुए इस 'वंडर बॉय' ने अपनी निडर बल्लेबाजी से दिग्गज गेंदबाजों के मन में भी खौफ पैदा कर दिया है. उनके बल्ले से निकलने वाले गगनचुंबी छक्के और पहली ही गेंद से प्रहार करने का अंदाज दिग्गजों को भी चौंका रहा है. आईपीएल 2026 में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से कोहराम मचाने वाले वैभव सूर्यवंशी आज हर क्रिकेट प्रेमी की जुबान पर हैं.
जिस तरह से यह युवा खिलाड़ी दुनिया के दिग्गज गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा रहा है, उसे देखते हुए खेल गलियारों में उन्हें जल्द से जल्द टीम इंडिया में शामिल करने की मांग तेज हो गई है. वैभव की बढ़ती लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक कार्यक्रम के दौरान 1983 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान कपिल देव से भी इस 'वंडर बॉय' पर उनकी राय मांगी गई, लेकिन दिग्गज कप्तान ने इस पर कोई भी बयान देने से साफ इनकार कर दिया.
कपिल देव ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर कहा
कपिल देव ने स्पष्ट किया कि वे किसी भी खिलाड़ी पर बिना उसे गहराई से देखे कोई फैसला नहीं सुनाना चाहते. उन्होंने बड़ी बेबाकी से कहा, "मैंने वैभव को खेलते हुए नहीं देखा है, इसलिए मैं इस बारे में नहीं जानता." कपिल ने आगे समझाया कि घर पर टीवी देखकर किसी खिलाड़ी की काबिलियत पर जजमेंट देना सही नहीं है.
उन्होंने सुझाव दिया कि जो लोग खेल को बहुत बारीकी से फॉलो कर रहे हैं, जैसे सुनील गावस्कर, रवि शास्त्री या हर्षा भोगले, वो इस विषय पर ज्यादा सटीक और बेहतर राय दे पाएंगे. आईपीएल 2026 के आंकड़े की बात करें तो वैभव सूर्यवंशी ने 10 मैचों में 237.66 के स्ट्राइक रेट से 404 रन बनाकर ऑरेंज कैप की रेस में लगातार बने हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं