जोस बटलर ने एक बड़ा बयान देते हुए सबको चौंका दिया है. दरअसल, मौजूदा समय में वह द हंड्रेड 2026 टूर्नामेंट में शिरकत कर रहे हैं. जहां वह मैनचेस्टर सुपर जायंट्स टीम का हिस्सा हैं. टूर्नामेंट का एक मुकाबला आज वेल्श फायर और मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की बीच मैनचेस्टर में खेला गया. जहां मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के कप्तान जोस बटलर का बल्ला जमकर चला. उन्होंने अपनी टीम की तरफ से पारी का आगाज करते हुए कुल 20 गेंदों का सामना किया. इस बीच देखते ही देखते 255.00 की स्ट्राइक रेट से नाबाद 51 रन ठोक डाले. इस दौरान क्रिकेट प्रेमियों को उनके बल्ले से छह छक्के और दो चौके देखने को मिले. मैच के दौरान उन्होंने एक बड़ी उपलब्धि भी हासिल की. वह टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं. खास मामले में उन्होंने वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कीरोन पोलार्ड को पीछे छोड़ा है. पोलार्ड ने टी20 क्रिकेट में 14,803 रन बनाए हैं. वहीं बटलर के रनों की संख्या 14,833 हो गई है.
बटलर ने बताया कौन तोड़ सकता है उनका ये वर्ल्ड रिकॉर्ड
ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद जोस बटलर ने इसपर खास बातचीत की. यहीं नहीं उन्होंने उस खिलाड़ी का भी नाम बताया जो भविष्य में उनका यह वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ सकता है. स्काई स्पोर्ट्स के साथ हुई बातचीत के दौरान इंग्लिश दिग्गज ने कहा, 'वाकई ये बहुत कमाल की बात है, ये सोचना कि तुम्हारे नाम सबसे ज्यादा T20 रन है. एक दिन कोई न कोई इसे तोड़ देगा और वो नाम शायद वैभव सूर्यवंशी होगा. मगर ये एक गर्व का पल है.'
टी20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के चार बल्लेबाज
जोस बटलर - 522 मैच - 492 पारियां - 14,833 रन
कीरोन पोलार्ड - 746 मैच - 663 पारियां - 14,803 रन
क्रिस गेल - 463 मैच - 455 पारियां - 14,562 रन
एलेक्स हेल्स - 528 मैच - 523 पारियां - 14,449 रन
मैनचेस्टर सुपर जायंट्स को मिली जीत
बात करें मैच के परिणाम के बारे में तो मैनचेस्टर में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेल्श फायर की टीम 100 गेंदों में 155/4 रन बनाने में कामयाब हुई थी. पारी का आगाज करते हुए मैथ्यू शॉर्ट सर्वोच्च स्कोरर रहे. जिन्होंने 47 गेंदों में 71 रनों की सर्वाधिक अर्धशतकीय पारी खेली. उनके अलावा कैप्टन फिल साल्ट ने 37 गेंदों में 48 रनों की पारी खेली.
विपक्षी टीम की तरफ से जीत के लिए मिले 156 रनों के लक्ष्य को मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की टीम ने 69 गेंदों में एक विकेट के नुकसान पर आसानी से प्राप्त कर लिया. टिम सीफर्ट ने 36 गेंदों में 62 रनों की सर्वाधिक पारी खेली. उनके अलावा बटलर ने 20 गेंदों में नाबाद 51 रनों का योगदान दिया. पॉल वाल्टर 18 गेंद में 37 रन बनाने में कामयाब रहे.
यह भी पढ़ें- उथप्पा ने वैभव सूर्यवंशी के बांधे तारीफों के पुल, फिर बोले- 18 के बाद लड़कियों से बचना भाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं