Jai Moondra LinkedIn Profile Viral: भारत-आयरलैंड के बीच हुई दो मैचों की टी20 सीरीज में 'प्लेयर ऑफ़ द सीरीज़' चुने गए आयरलैंड के तेज गेंदबाज जय मूंदड़ा के पास अभी भी भारतीय पासपोर्ट है. अपने डेब्यू पर इस खिलाड़ी ने तहलका मचा दिया और सितारों से सजी विश्व चैंपियन को अकेले ही चित कर दिया. दूसरे मुकाबले में उन्होंने अभिषेक और संजू को खाता भी नहीं खोलने दिया. जय इस सीरीज में दूसरे सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे. भारतीय बल्लेबाजों के पास मूंदड़ा की गेंदों का कोई जवाब नहीं दिखा. लेकिन एक दिलचस्प बात यह है कि यह गेंदबाज जिसने सामने टीम इंडिया धड़ाम हुई, वह अभी लिंक्डइन पर IT सेक्टर में फुल-टाइम मौके ढूंढ रहा है. जय लिंक्डइन प्रोफाइल इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने लिखा है ओपन टू वर्क.
लिंक्डइन प्रोफाइल- 'ओपन टू वर्क'
राजस्थान में जन्मे मूंदड़ा 2021 में इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री करने के लिए आयरलैंड चले गए थे. खास बात यह है कि भले ही वह इंटरनेशनल क्रिकेट में आयरलैंड को रिप्रेजेंट करते हैं, फिर भी उनके पास इंडियन पासपोर्ट है. 2021 में आयरलैंड जाने के बाद, पेसर ने सितंबर 2022 में इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशंस इंजीनियरिंग में मास्टर ऑफ़ साइंस पूरा किया और तुरंत इंटेल में प्रोडक्ट डेवलपमेंट इंजीनियर के तौर पर काम करना शुरू कर दिया.
हालांकि, उनके लिंक्डइन प्रोफ़ाइल के अनुसार, मूंदड़ाने जून 2025 में इंटेल छोड़ दिया और तब से किसी दूसरी फर्म में शामिल नहीं हुए हैं. उनकी प्रोफ़ाइल पर #OpenToWork बैज होने से ऐसा लगता है कि 29 साल के मूंद्रा आयरलैंड और यूरोप में अपनी अगली कॉर्पोरेट नौकरी की तलाश में हैं, और फुल-टाइम इंजीनियरिंग रोल की तलाश में हैं.

लगभग 6 महीने पहले, मूंद्रा ने आयरलैंड और यूरोप में कई टेक-बेस्ड रोल के लिए एप्लीकेशन मंगाने वाली पोस्ट के लिए अप्लाई करने में दिलचस्पी दिखाई थी. उससे ठीक एक महीने पहले, मूंद्रा ने एक और पोस्ट पर कमेंट करते हुए कहा था कि वह 2025 से इंटेल के एक्स-एम्प्लॉई हैं और नौकरी ढूंढ रहे हैं.
राजस्थान के लिए खेले अंडर-14 क्रिकेट
राजस्थान के टोंक जिले में जन्मे जय मूंदड़ा उस परिवार से आते हैं, जहां से एक बेटा पहले ही स्वीडन के लिए खेल रहा है. जय मूंदड़ा का जन्म 10 जनवरी 1997 को हुआ था. बचपन से ही जय को पढ़ाई के साथ-साथ क्रिकेट खेलने का भी शौक था. वह राजस्थान की अंडर-14 टीम का भी हिस्सा रहे और कई राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं में खेला.
पढ़ाई के लिए क्रिकेट से बनाई दूरी
इसके बाद पढ़ाई के लिए जय बेंगलुरु चले गए. एक समय ऐसा भी आया, जब पढ़ाई पर ध्यान देने के लिए जय ने क्रिकेट से दूरी बना ली थी. कॉलेज के दिनों वह सिर्फ शौकिया क्रिकेट खेल रहे थे. जय पहले टेनिस बॉल से क्रिकेट खेला करते थे, लेकिन बाद में लेदर बॉल से खेलना शुरू किया. धीरे-धीरे उन्होंने अपनी गेंदबाजी रफ्तार को भी बढ़ाया. जय एमटेक की पढ़ाई के लिए स्टूडेंट वीजा पर आयरलैंड चले गए, जहां खुद को क्रिकेट खेलने से रोक नहीं सके. यहां डबलिन के प्रसिद्ध लेनस्टर क्रिकेट क्लब में खेलना शुरू कर दिया. वह साल 2023 में आयरिश सीनियर कप विजेता टीम का हिस्सा भी रहे.
एक भाई खेलता है स्वीडन के लिए
करीब 140 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से गेंदबाजी करने वाले जय ने लगातार शानदार प्रदर्शन जारी रखा और आखिरकार उन्हें आयरलैंड की टी20 टीम में मौका मिल गया. यह जय के लिए सपने के सच होने जैसा था. जय मूंदड़ा लिस्ट-ए क्रिकेट में 6 मैच खेल चुके हैं, जिसमें 21.45 की औसत के साथ 11 विकेट हासिल किए. वहीं, 5 लिस्ट-ए मुकाबलों में उन्होंने 10 विकेट निकाले हैं। जय ने 1 फर्स्ट क्लास मुकाबला भी खेला है.
रोचक बात यह है कि जय के ताऊ के बेटे अजय मूदड़ा वर्तमान में स्वीडन की राष्ट्रीय टीम के लिए खेल रहे हैं. विकेटकीपर-बल्लेबाज अजय स्वीडन के लिए 31 टी20 मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 30.50 की औसत के साथ 793 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने 5 अर्धशतक लगाए हैं, उन्होंने 38 कैच लेने के साथ दो खिलाड़ियों को स्टंप आउट किया है.
यह भी पढ़ें: 'इंग्लैंड में पहले मैच से उसे खिलाना होगा' वैभव सूर्यवंशी को टीम में जगह नहीं देने पर भड़के सुनील गावस्कर
यह भी पढ़ें: पहली ही सीरीज में श्रेयस अय्यर के नाम हुआ अनचाहा रिकॉर्ड, इस शर्मनाक लिस्ट में बनाई जगह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं