विज्ञापन

घर खरीदना हुआ और महंगा, दिल्ली-NCR में सबसे ज्यादा 13% बढ़े प्रॉपर्टी के दाम, देखें एनरॉक की चौंकाने वाली रिपोर्ट

Delhi-NCR Property Price: एनरॉक की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली-NCR, मुंबई और पुणे जैसे बड़े शहरों में घरों की बिक्री 15% तक गिरी है, लेकिन इसके बावजूद कीमतें 13% तक बढ़ गई हैं. जानिए आपके शहर में प्रॉपर्टी का क्या हाल है.

घर खरीदना हुआ और महंगा, दिल्ली-NCR में सबसे ज्यादा 13% बढ़े प्रॉपर्टी के दाम, देखें एनरॉक की चौंकाने वाली रिपोर्ट
Housing Sales 2026: कम बिक्री के बावजूद देश भर में मकानों की औसत कीमतें 7% से ज्यादा बढ़ चुकी हैं.

Anarock Housing Report 2026: देश के रियल एस्टेट मार्केट को लेकर एकसे बड़ी और चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आई है.मिडिल ईस्ट (Middle East) में जारी युद्ध के तनाव और आईटी सेक्टर में एआई (AI) के कारण छाई मंदी के डर ने घर खरीदारों के कदम पीछे खींच लिए हैं.देश के टॉप 7 प्रमुख शहरों में अप्रैल से जून 2026 के दौरान घरों की बिक्री में 6 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है.लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि  इस माहौल में भी बिल्डर्स झुकने को तैयार नहीं हैं.इस दौरान घरों की कीमतें लगातार बढ़ती रहीं.

रियल एस्टेट कंसल्टेंसी एनरॉक की नई रिपोर्ट के मुताबिक, अप्रैल-जून 2026 में कुल 90,715 घर बिके, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 96,285 था. 

दिल्ली NCR में सबसे ज्यादा बढ़े घरों के दाम

रिपोर्ट के मुताबिक, कम बिक्री के बावजूद देश भर में घरों की कीमतों में औसतन 7 फीसदी की सालाना बढ़ोतरी हुई है. इसमें भी सबसे ज्यादा बड़ा झटका दिल्ली NCR के लोगों को लगा है, जहां घरों के दाम आसमान छूते हुए एक साल में 13 फीसदी तक बढ़ गए. यानी दिल्ली NCR में घर खरीदना अब पहले से और महंगा हो गया है.

किन शहरों में कितनी घटी और कहां बढ़ी बिक्री?

रिपोर्ट के मुताबिक,दिल्ली NCR में अप्रैल-जून 2026 के दौरान 13,365 घर बिके, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 14,255 घरों की बिक्री हुई थी. यानी यहां बिक्री में 6 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. मुंबई मेट्रोपोलिटन रीजन (MMR) में भी बिक्री 8 फीसदी घटकर 28,710 यूनिट रह गई. पुणे में सबसे ज्यादा 15 फीसदी की गिरावट आई और यहां 13,090 घर बिके. चेन्नई में भी बिक्री 9 फीसदी कम होकर 5,135 यूनिट रही.

वहीं, तीन शहरों में घरों की बिक्री बढ़ी है. बेंगलुरु में बिक्री 1 फीसदी बढ़कर 15,285 यूनिट पहुंच गई. हैदराबाद में 2 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 11,270 घर बिके. कोलकाता में सबसे अच्छी बढ़त देखने को मिली, जहां बिक्री 10 फीसदी बढ़कर 3,860 यूनिट हो गई.

नए घरों की लॉन्चिंग भी बढ़ी

एनरॉक की रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल से जून 2026 के दौरान नए घरों की लॉन्चिंग भी बढ़ी है. इस अवधि में टॉप 7 शहरों में करीब 1.06 लाख नए घर लॉन्च किए गए, जबकि पिछले साल इसी समय यह आंकड़ा 98,625 था. यानी नए प्रोजेक्ट्स की लॉन्चिंग में 7 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है.

देश के टॉप 7 शहरों में क्यों कम हुई घरों की बिक्री?

एनरॉक के चेयरमैन अनुज पुरी का कहना है कि मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव और आईटी सेक्टर में AI को लेकर बनी अनिश्चितता का असर घर खरीदने वाले लोगों के फैसलों पर पड़ा है. कई लोगों ने फिलहाल घर खरीदने का फैसला टाल दिया है. उन्होंने कहा कि इस समय अच्छी डिमांड सिर्फ प्रीमियम घरों, ज्यादा रोजगार वाले शहरों और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर वाले इलाकों में देखने को मिल रही है.

दिलचस्प बात यह है कि एनरॉक की यह रिपोर्ट प्रॉपइक्विटी की हाल की रिपोर्ट से अलग है. जहां एनरॉक ने बिक्री में 6 फीसदी गिरावट बताई है, वहीं प्रॉपइक्विटी ने इसी अवधि में घरों की बिक्री में 19 फीसदी बढ़ोतरी का दावा किया है.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Housing Sales Decline India, Housing Prices In India, Delhi Property Rate, Delhi Property Price
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com