विज्ञापन

वैभव का असर: सोनी पर भारत vs श्रीलंका 'A' सीरीज का प्रसारण, देखें शेड्यूल

वैभव सूर्यवंशी के हालिया प्रदर्शन ने सिर्फ आईपीएल में ही आकर्षण पैदा नहीं किया, बल्कि इस सुपर किड ने प्रसारकों का नजरिया भी बदलने पर मजबूर कर दिया है

वैभव का असर: सोनी पर भारत vs श्रीलंका 'A' सीरीज का प्रसारण, देखें शेड्यूल
हाल ही में आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करने वाले वैभव सूर्यवंशी
X: social media

हाल ही में खत्म हुई इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) में किए गए धमाके के बाद 'सुनामी बल्लेबाज' वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) का बुखार अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैल रहा है. और आईपीएल में ऑरेन्ज कैप जीतने के बाद अब वैभव मैदान के बाहर ब्रॉडकास्टरों को भी अपनी रणनीति पर फिर से विचार करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं. पिछले दिनों वैभव के श्रीलंका दौरे के लिए भारत 'ए' टीम में चयन के बाद अब इस सीरीज में प्रसारकों की दिलचस्पी खासी बढ़ गई है. क्रिकिन्फो की रिपोर्ट के अनुसार यही वजह है कि अब अधिकारियों ने श्रीलंका में खेले जा वाली त्रिकोणी सीरीज का टीवी पर सीधा प्रसारण करने का फैसला किया है. इस सीरीज में भारत के अलावा श्रीलंका A और अफगानिस्तान A की टीम हिस्सा लेंगी.  एक सोशल मीडिया पोस्ट में, सोनी नेटवर्क ने घोषणा की, "एक हाई-ऑक्टेन त्रिकोणीय श्रृंखला में मंच को रोशन करने के लिए सूर्यवंशी एक्सप्रेस आ रही है.' यह एक दिनी त्रिकोणीय श्रृंखला होगी, जो दांबुला में खेली जाएगी.

तिलक वर्मा हैं भारत 'A' के कप्तान

इस सीरीज में इंडिया 'ए' टीम का नेतृत्व तिलक वर्मा कर रहे हैं, लेकिन यह किशोर सनसनी वैभव सूर्यवंशी (15) की उपस्थिति है, जिन्होंने ऑरेंज कैप की दौड़ में आश्चर्यजनक 776 रनों के साथ हाल ही में समाप्त हुए आईपीएल में धूम मचा दी थी. इसने त्रिकोणीय श्रृंखला का कद बढ़ा दिया है और अधिकारियों को सोचने पर मजबूर कर दिया .

नौ जून से खेली जाएगी सीरीज

9 से 21 जून तक होने वाली इस त्रिकोणीय श्रृंखला का प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स और सोनी लिव पर किया जाएगा. श्रीलंका क्रिकेट के आधिकारिक प्रसारण भागीदार के रूप में सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास श्रीलंका में खेले जाने वाले क्रिकेट के अधिकार हैं. और इसके अधिकारियों ने पुष्टि की है कि टूर्नामेंट का पूर्ण कवरेज के साथ लाइव प्रसारण किया जाएगा.

सोनी टीवी पर होगा  प्रसारण

सोनी हाल के दिनों में क्रिकेट एक्शन से महरूम रहा था क्योंकि विश्व कप और आईपीएल प्रतिद्वंद्वी जियो हॉटस्टार चैनल पर थे और इसने क्रिकेट जगत में फैले सूर्यवंशी बुखार का पूरा फायदा उठाने का फैसला किया. सोनी के पास भारत-श्रीलंका सीरीज द्विपक्षीय सीरीज के अधिकार हैं.  इसके बीच में लंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) है, जिसके बारे में समझा जाता है कि यह जियो हॉटस्टार पर होगी.

सीरीज में भारत ए टीम के मैचों का कार्यक्रम 

मैच                                              तारीख                      समय

श्रीलंका 'ए' बनाम इंडिया 'ए'                      09 जून                      रात 10:30 बजे

अफगानिस्तान 'ए' बनाम इंडिया 'ए           11 जून                       रात 10:30 बजे

श्रीलंका 'ए' बनाम इंडिया 'ए'                   15 जून                       रात 10:30 बजे

अफगानिस्तान 'ए' बनाम इंडिया 'ए'          17 जून 2026               रात 10:30 बजे
 

आईपीएल के इस प्रदर्शन से क्रिकेट जगत विस्मित

हाल ही में खत्म हुई इंडियन प्रीमियर लीग में जो बिहार से आने वाले इस 'सुपर किड' ने किया, उसने इस लेफ्टी बल्लेबाज को दुनिया में चर्चा का विषय बना दिया. और कारनामे से ज्यादा उनका करने का अंदाज दुनिया को हैरान किए हुए है कि कोई 15 साल का 'बच्चा' ऐसे लंबे-लंबे और इतने ज्यादा छक्के मार सकता है. वैभव के मेगा टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन (776), सबसे ज्यादा छ्क्के (72) तो रहे ही, तो  वहीं उनका दो सौ से ज्यादा का स्ट्राइक-रेट (237.30) वह बात रही, जिससे दिग्गज अभिभूत हैं, तो वहीं हाल ही में देश के प्रतिष्ठित कॉलेज आईआईएम ने वैभव के खेल पर शोध करने का फैसला किया है. 

यह भी पढ़ें:  अब रेड बॉल से असली इम्तिहान, टेस्ट के लिए वैभव सूर्यवंशी का इंतजार, समस्तीपुर में फैंस ने किया स्वागत

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Vaibhav Sooryavanshi, India A, Sri Lanka, Board Of Control For Cricket In India, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com