विज्ञापन

IPL 2026: इजरायल-ईरान युद्ध के चलते क्या विदेशी खिलाड़ियों के लीग से जुड़ने में होगी देरी?

Israel Iran War to Impact IPL 2026: बीसीसीआई के अधिकारियों के दिमाग में राज्य चुनावों के अलावा पश्चिम एशिया में बढ़ता संघर्ष भी सबसे अहम होगा. पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष का असर अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा पर पड़ा है जिससे प्रमुख हवाई अड्डों जैसे दोहा और दुबई में संचालन पर भारी प्रतिबंध लगने से कई उड़ानें प्रभावित हुई हैं.

IPL 2026: इजरायल-ईरान युद्ध के चलते क्या विदेशी खिलाड़ियों के लीग से जुड़ने में होगी देरी?
Israel Iran War To Impact IPL 2026

Israel Iran War To Impact IPL 2026 Players? भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण खिलाड़ियों की यात्रा के इंतजामों को लेकर बनी चिंताओं के बीच आईपीएल 2026 के पहले चरण का कार्यक्रम घोषित किया जिसमें मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु शुरूआती मैच में 28 मार्च को बेंगलुरु में सनराइजर्स हैदराबाद से भिड़ेगी. बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले सभी मैच फिलहाल कर्नाटक सरकार की विशेषज्ञ समिति की मंजूरी पर निर्भर करेंगे. पिछले सत्र में स्टेडियम में हुई भगदड़ को ध्यान में रखते हुए यह समिति 13 मार्च को बैठक में टूर्नामेंट की तैयारियों का आकलन करेगी.

बीसीसीआई ने बुधवार को पहले 20 मैच का कार्यक्रम जारी किया है. पूरे टूर्नामेंट का कार्यक्रम तब घोषित किया जाएगा जब तीन राज्यों तमिलनाडु, असम और पश्चिम बंगाल में होने वाले चुनावों की तारीख घोषित हो जाएंगी. बीसीसीआई के अधिकारियों के दिमाग में राज्य चुनावों के अलावा पश्चिम एशिया में बढ़ता संघर्ष भी सबसे अहम होगा. पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष का असर अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा पर पड़ा है जिससे प्रमुख हवाई अड्डों जैसे दोहा और दुबई में संचालन पर भारी प्रतिबंध लगने से कई उड़ानें प्रभावित हुई हैं. इसी कारण दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज की टीम के कुछ खिलाड़ी टी20 विश्व कप समाप्त होने के एक सप्ताह बाद भी अपने देश नहीं लौट पाए हैं.

अब यह देखना बाकी है कि इन दोनों देशों के खिलाड़ी आईपीएल टीमों से समय पर जुड़ पाते हैं या नहीं. एक टीम अधिकारी ने पीटीआई को बताया,"वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ियों के जाने में काफी देर हो गई. उन्हें समय पर वापस भारत लाना मुश्किल काम होगा. साथ ही पश्चिम एशिया में युद्ध की वजह से हवाई किराए काफी बढ़ गए हैं."

इसके साथ ही पश्चिम एशिया में जारी भीषण संघर्ष के कारण पूरे भारत में होटलों को रसोई गैस की कमी का सामना करना पड़ रहा है. केंद्र सरकार ने मंगलवार को घरेलू रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक वस्तु अधिनियम लागू किया. चेन्नई सुपर किंग्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कासी विश्वनाथन ने पीटीआई को बताया कि उन्हें उम्मीद है कि उनके वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी अकील हुसैन और डेवाल्ड ब्रेविस आईपीएल के अपने पहले मैच से काफी पहले टीम में शामिल हो जाएंगे. उन्होंने कहा,"हमें उनकी तरफ से किसी देरी की उम्मीद नहीं है."

शुरूआती सप्ताहांत का दूसरा मैच मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच वानखेड़े स्टेडियम में होगा जिससे इस हफ्ते कोई 'डबल-हेड' (एक दिन में दो मुकाबले) नहीं होगा. कुल 20 मैच 10 जगहों बेंगलुरु, मुंबई, गुवाहाटी, न्यू चंडीगढ़, लखनऊ, कोलकाता, चेन्नई, दिल्ली, अहमदाबाद और हैदराबाद में खेले जाएंगे. बीसीसीआई ने एक बयान में कहा,"सत्र के दौरान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बेंगलुरु में पांच और रायपुर में दो घरेलू मैच खेलेगी. पंजाब किंग्स की टीम न्यू चंडीगढ़ में चार और धर्मशाला में तीन घरेलू मैच खेलेगी जबकि राजस्थान रॉयल्स गुवाहाटी में तीन और जयपुर में चार घरेलू मैच खेलेगी."

यह भी पढ़ें: महेंद्र सिंह धोनी ने कभी युवराज सिंह को ड्रॉप करने के लिए नहीं कहा -पूर्व चयनकर्ता का खुलासा

यह भी पढ़ें: 'कांप रहे थे पाकिस्तानी बल्लेबाज' शाहिद अफरीदी ने 2011 वनडे वर्ल्ड कप में IND vs PAK मैच पर किया बड़ा खुलासा

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com