ईशान किशन शतक से 20 रन से चूके, दलीप ट्रॉफी फाइनल में दोनों परियों में शतक लगाने वाले 10 बल्लेबाज
दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में ईस्ट जोन ने साउथ जोन पर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली है. चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जा रहे खिताबी मुकाबले के चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक ईस्ट जोन ने दूसरी पारी में 5 विकेट पर 212 रन बना लिए थे और उसकी कुल बढ़त 584 रन तक पहुंच गई थी. इससे पहले साउथ जोन की पहली पारी 336 रन पर सिमट गई थी, जिसके चलते ईस्ट जोन को 372 रन की बड़ी बढ़त मिली थी. साउथ जोन के लिए कप्तान तिलक वर्मा शतक से सिर्फ एक रन दूर रह गए और 211 गेंदों में 99 रन बनाकर आउट हुए. वहीं देवदत्त पडिक्कल ने 62 और चामा वी मिलिंद ने 43 रन की उपयोगी पारियां खेलीं.
ईस्ट जोन की दूसरी पारी में भी कप्तान ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी की. पहली पारी में 250 से अधिक रन बनाने वाले ईशान ने दूसरी पारी में 98 गेंदों पर 80 रन बनाए. उनकी पारी में नौ चौके और तीन छक्के शामिल रहे. हालांकि वह शतक से 20 रन दूर रह गए, लेकिन उनकी बल्लेबाजी ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. ईशान ने शिखर मोहन के साथ तीसरे विकेट के लिए 126 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की. शिखर ने 85 गेंदों पर 52 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल था. यह साझेदारी उस समय आई जब ईस्ट जोन के दो विकेट महज 13 रन पर गिर चुके थे.
ईशान किशन अगर दूसरी पारी में भी शतक जड़ देते तो उनका नाम दलीप ट्रॉफी के इतिहास के उन चुनिंदा बल्लेबाजों में शामिल हो सकता था, जिन्होंने एक ही मैच की दोनों पारियों में शतक लगाने का दुर्लभ कारनामा किया है. इस विशिष्ट सूची में अब तक केवल 10 बल्लेबाजों के नाम दर्ज हैं. विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक इस मामले में सबसे आगे हैं और उन्होंने दो बार दोनों पारियों में शतक लगाने की उपलब्धि हासिल की है. 2010 के दलीप ट्रॉफी फाइनल में साउथ जोन की ओर से खेलते हुए उन्होंने वेस्ट जोन के खिलाफ 183 और 150 रन की पारियां खेली थीं.
दिनेश कार्तिक के अलावा युवराज सिंह ने 2004 के फाइनल में नॉर्थ जोन के लिए ईस्ट जोन के खिलाफ 106 और 148 रन बनाए थे. केएल राहुल ने 2014 के फाइनल में साउथ जोन की तरफ से खेलते हुए दोनों पारियों में शतक जमाए थे. आकाश चोपड़ा ने 2000-01 सीजन में 110 और 125 रन बनाए, जबकि वसीम जाफर ने 2001-02 में 122 और नाबाद 103 रन की पारियां खेली थीं. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन दलीप ट्रॉफी के एक मैच की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले इकलौते विदेशी बल्लेबाज हैं. उन्होंने 2003-04 में इंग्लैंड ए के लिए खेलते हुए साउथ जोन के खिलाफ 104 और 115 रन बनाए थे.
इस विशेष सूची में प्रियांक पांचाल का नाम भी शामिल है, जिन्होंने 2017 में इंडिया रेड के लिए खेलते हुए दोनों पारियों में शतक लगाया था. इनके अलावा भास्कर पिल्लई, लालचंद राजपूत, अभिनव मुकुंद और यूसुफ पठान भी दलीप ट्रॉफी के एक मैच की दोनों पारियों में शतक लगाने का कारनामा कर चुके हैं. ईशान किशन इस बार भले ही दूसरी पारी में शतक तक नहीं पहुंच सके, लेकिन उनकी 80 रन की पारी ने ईस्ट जोन को जीत के बेहद करीब पहुंचा दिया और दलीप ट्रॉफी के इतिहास में दर्ज इन दुर्लभ रिकॉर्ड्स की याद ताजा कर दी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं