Mohammed Shami : भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को अभी भी उम्मीद है कि वह टीम इंडिया में वापसी करने में सफल रहेंगे, इसके लिए शमी लगातार मेहनत कर रहे हैं. शमी ने ये भी माना है कि इस समय वो रिटायरमेंट के बारे में सोच भी नहीं रहे हैं. शमी ने शुभंकर मिश्रा के यू-ट्यूब चैनल पर बात करते हुए अपनी भविष्य की योजनाओं के लेकर बात की और कहा कि, अभी मैं रिटायरमेंट के बारे में सोच भी नहीं रहा हूं.
ये भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी ने 17 गेंद पर 52 रन बनाकर टी-20 में बनाया World Record, ऐसा करने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज
भारतीय तेज गेंदबाज ने इंटरव्यू में कहा, ,"जब मैं थक जाऊंगा, तो मैं खेल छोड़ दूंगा. लेकिन अभी मैं रिटायरमेंट के बारे में सोच भी नहीं रहा हूं, क्योंकि ऐसे विचार आपको निराश करते हैं. अगर यह विचार आपके मन में आता है, तो इसका मतलब है कि आप पहले से ही थके हुए हैं.. और अगर आप थके हुए हैं, तो इसका मतलब है कि आप बोर हो गए हैं. मैंने यह पहले भी कहा है कि जिस दिन मैं सुबह उठूंगा और मुझे बोरियत महसूस होगी, उसी दिन मैं क्रिकेट छोड़ दूंगा." शमी ने आगे कहा, लेकिन मैं न तो बोर हूं और न ही आलसी.. मैं खेल का आनंद ले रहा हूं. नतीजे अच्छे और सकारात्मक हैं,"
आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में सनराइजर्स हैदराबाद ने शमी को खरीदा था. हालांकि, उनका वह सीजन भुला देने जैसा रहा और उसके बाद 2026 के सीजन से पहले फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिलीज कर दिया. तब उन्हें लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ ट्रेड कर लिया गया है और वह एक मज़बूत सीज़न की उम्मीद कर रहे हैं.
मैं अपनी किस्मत नहीं बदल सकता..मेहनत करता रहूंगा
शमी आईपीएल 2026 को लेकर कहा, "एक गेंदबाज़ के तौर पर, मैं अपना 100 प्रतिशत दूंगा, मैं अपनी ज़िम्मेदारियां निभाऊंगा और मुझसे की गई उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा. बाकी, मैं अपनी किस्मत नहीं बदल सकता. मैं सिर्फ अपने रवैये और दृढ़ संकल्प से ही योगदान दे सकता हूं. अगर लखनऊ ने मुझ पर भरोसा किया है, तो मैं अपना सब कुछ लगा दूंगा. फिर भी, जब भी आप खेलते हैं, तो सबसे ज़रूरी चीज़ होती है संतुष्टि. क्या मुझे अपनी सारी तैयारियों का फल मिलेगा? मैंने इस बात पर ध्यान नहीं दिया कि मैंने कितना घरेलू क्रिकेट खेला है, बल्कि इस बात पर ध्यान दिया कि मेरी लय ठीक है या नहीं. अगर ऐसा है, तो मैं भविष्य के बारे में सोचना शुरू कर देता हूं."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं